नई दिल्ली। भोजपुरी गाने यूं तो अक्सर सोशल मीडिया पर इन दिनों वायरल होते रहते हैं। पवन सिंह का भोजपुरी सॉन्ग ‘लॉलीपॉप’ वर्ल्डवाइड सेंसेशनल हिट गाना है लेकिन अब यो-यो हनी सिंह ने भोजपुरी म्यूजिक या यूं कहे कि भोजपुरी फोक म्यूजिक का लेवल अप कर दिया है। हनी सिंह का रिसेंटली रिलीज गाना Maniac इन दिनों सबकी जुबान पर है। सोशल मीडिया पर ये गाना ट्रेंड कर रहा है। ऐसे में हनी सिंह के अलावा इस गाने में एक और नाम है जो इनदिनों चर्चा का विषय है, वो नाम है रागिनी विश्वकर्मा का, जिन्होंने इस गाने का भोजपुरी हुक लाइन गाया है। तो चलिए बताते हैं आखिर कौन हैं रागिनी विश्वकर्मा?
कौन हैं रागिनी विश्वकर्मा?
रागिनी विश्वकर्मा एक भोजपुरी फोक सिंगर हैं। एक यूट्यूब चैनल ने रागिनी विश्वकर्मा के साथ एक इंटरव्यू वीडियो पोस्ट किया। जिसमे रागिनी विश्वकर्मा में बताया कि, “शुरुआत में मैं केवल ढोलक की धुन पर गाती थी। शुरुआत में हम उसके वीडियो ही बनाते थे। इसके बाद मैं स्टूडियो आ गई और फिर स्टूडियो में गाना शुरू कर दिया। मैं पढ़ी-लिखी नहीं हूं।” रागिनी ने अपने इस सफर में कई लोगों का धन्यवाद किया है। वो कहती हैं कि आज वो जो भी हैं इनलोगों की वजह से हैं।
रागिनी का एक और इंटरव्यू इन दिनों बड़ा वायरल हो रहा है जिसमें वो बताती हैं कि इससे पहले भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह और खेसारी लाल यादव ने भी उनसे वादा किया था कि उन्हें गाने का मौका देंगे लेकिन फिर बाद में ऐसा नहीं हुआ। लेकिन अब रागिनी बेहद खुश हैं क्यूंकि ग्लोबल स्टार हनी सिंह ने रागिनी के इस हुनर को पहचान कर उन्हें उनका वाजिब मौका दिया। रागिनी कहती हैं कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वो हनी पाजी के साथ गाएंगी।
बता दें कि रागिनी विश्वकर्मा बिहार और यूपी में काफी मशहूर हैं। उनके एक गाने- ‘पंखा कूलर से ना गर्मी बुझाला’ को 95 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। उनके कई अन्य गाने भी काफी हिट हुए हैं. जैसे- जोड़ी बनल रहे दूल्हा दुल्हन के और प्यार में जीएसटी।