News Room Post

नेशनल स्पोर्ट्स डे: बॉलीवुड में खेल पर बनी इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल

ms doni chakde india

नई दिल्ली। आज पूरा देश खेल दिवस (Sports Day) मनाया जा रहा है। हॉकी का जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद (Major Dhyanchand) के जन्मदिन को ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। खेल का जुनून न सिर्फ खिलाडियों में हैं बल्कि हिंदी सिनेमा (Indian Cinema) भी इससे अछूता नहीं है। बॉलीवुड में स्पोर्ट्स के ऊपर कई फिल्में (Movies on Sports) बन चुकी है और कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल मचा चुकी हैं।

बॉलीवुड में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जिंदगी पर बायोपिक बन चुकी है तो शाहरुख खान ने भी ‘चक दे इंडिया’ के जरिए स्पोर्ट्स में महिलाओं के दमखम को दिखाया।

‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’

साल 2016 में रिलीज हुई इस बायोपिक में मशहूर महेंद्र सिंह धोनी की जिंदगी के बारे में अनदेखी और अनसुनी कहानी दर्शायी गई थी। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें किस प्रकार के संघर्षों से गुजरना पड़ा था। उनकी निजी जिंदगी पर भी प्रकाश डाला गया था। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित इस मूवी में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने अहम रोल निभाकर लोकप्रियता हासिल की थी। उनके अलावा कियारा आडवाणी और दिशा पटानी भी नजर आए थे।

‘चक दे इंडिया’

साल 2007 में रिलीज हुई इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर खूब तहलका मचाया था। इसमें दिखाया गया कि महिलाएं अपने दमखम से देश को गर्व महसूस कराने का जज्बा रखती हैं। इसमें शाहरुख खान ने कोच की भूमिका निभाई थी। इसे शिमित अमीन ने डायरेक्ट किया था।

‘भाग मिल्खा भाग’

राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म मिल्खा सिंह की जिंदगी की कहानी पर आधारित हैं, जो भारतीय एथलीट रह चुके हैं। 1947 में हुए बंटवारे में मिल्खा सिंह ने अपने परिवार को खो दिया था। कड़ी मेहनत और संघर्षों के बाद उन्होंने सफलता का मुकाम हासिल किया। इस फिल्म में फरहान अख्तर ने लीड रोल निभाया था, जबकि सोनम कपूर और दिव्या दत्ता जैसे कलाकार भी नजर आए थे।

‘मैरी कॉम’

मैरी कॉम एक भारतीय महिला मुक्केबाज हैं। उन्होंने देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया है। उनकी जिंदगी पर उन्हीं के नाम से एक फिल्म बनी, जिसमें प्रियंका चोपड़ा ने लीड रोल निभाया। इस मूवी में दिखाया गया कि गरीब किसान परिवार में जन्मीं मैरी ने बॉक्सिंग की दुनिया में कैसे अपनी पहचान बनाई। इस फिल्म को ओमंग कुमार ने डायरेक्ट किया था।

‘पान सिंह तोमर’

कैसे एक भारतीय सैनिक एथलीट बना और फिर ऐसा क्या हुआ, जिसकी वजह से वो बागी भी बन गया, ये सब इस फिल्म में दिखाया गया है। वैसे तो हिंदी सिनेमा में क्रिकेटर्स, हॉकी प्लेयर्स, पहलवानों पर फिल्में बन चुकी हैं, लेकिन ये फिल्म इन सबसे काफी अलग है। इसमें इरफान खान ने अपनी बेस्ट परफॉर्मेंस दी थी। तिग्मांधु धूलिया द्वारा निर्देशित ये मूवी साल 2012 में रिलीज हुई थी।

‘दंगल’

आमिर खान ने इस फिल्म के जरिए पर्दे पर ऐसे परिवार की कहानी दिखाई, जो देश की सेवा करने के लिए हमेशा तत्पर रहता है। कैसे एक पिता ने समाज की सोच को पीछे छोड़कर अपनी बेटियों को पहलवानी सिखाई और इन बेटियों ने भी अपने पिता व देश का नाम रोशन किया। साल 2016 में रिलीज हुई इस फिल्म को नितेश तिवारी ने डायरेक्ट किया था।

‘सुल्तान’

सुपरस्टार सलमान खान की इस ब्लॉकबस्टर मूवी को दर्शकों ने खूब प्यार दिया। इसे अली अब्बास जफर ने डायरेक्ट किया था। इसमें पूर्व वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियन सुल्तान अली खान की जिंदगी को दर्शाया गया है, जिन्होंने दुनिया में खूब नाम कमाया, लेकिन उनकी पर्सनल लाइफ पर बुरा असर पड़ा। इस मूवी में अनुष्का शर्मा भी नजर आई थीं।

Exit mobile version