News Room Post

Ram Gopal Varma: द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना राम गोपाल वर्मा को पड़ा भारी, हुआ बड़ा एक्शन

नई दिल्ली। फिल्ममेकर रामगोपाल वर्मा हमेशा से ही अपने विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में फिल्ममेकर ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था जिसके बाद से ही वो सवालों के घेरे में हैं। फिल्ममेकर के खिलाफ हैदराबाद और लखनऊ में शिकायत दर्ज हो चुकी है शिकायतकर्ता ने अब मुंबई की कोर्ट में याचिका दायर कर दी हैं। ये शिकायत बीजेपी के एक कार्यकर्ता ने की है। कार्यकर्ता का नाम सुभाष रजोरा बताया जा रहा है जो मुंबई में रहता है। कार्यकर्ताओं ने फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा के खिलाफ मुंबई के निर्मल नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी।

11 अक्टूबर को कोर्ट करेगा सुनवाई

सुभाष रजोरा का कहना है कि उन्होंने रामगोपाल वर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और वो फिल्ममेकर पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं लेकिन पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसलिए अब वो कोर्ट का सहारा ले रहे हैं। बता दें कि हाल ही के दिनों में रामगोपाल वर्मा ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को लेकर सोशल मीडिया पर ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था-यदि द्रौपदी राष्ट्रपति हैं तो पांडव कौन हैं? और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कौरव कौन हैं? अपने इस बयान पर सफाई देते हुए फिल्म मेकर ने एक ट्वीट करके लिखा- ”यह सिर्फ एक गंभीर विडंबना में कहा गया था और किसी अन्य तरीके से इरादा नहीं था .. महाभारत में द्रौपदी मेरा पसंदीदा चरित्र है, लेकिन चूंकि नाम इतनी दुर्लभ है, इसलिए मुझे संबंधित पात्रों और इसलिए मेरी अभिव्यक्ति याद आई। किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मकसद बिल्कुल नहीं है’।

हैदराबाद में भी दर्ज हुई शिकायत

बता दें कि शिकायत कर्ता ने 14 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी और मामला IPC की धारा 499, 500, 504 और 506 के तहत दर्ज कराया है। अब कोर्ट मामले पर 11 अक्टूबर को सुनवाई करेगा। इन धाराओं के तहत, जानबूझकर अपमान करना, धमकी देना और मानहानि शामिल है। मुंबई के अलावा तेलंगाना के बीजेपी नेता गुडूर रेड्डी ने भी हैदराबाद में फिल्मकार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

 

Exit mobile version