News Room Post

Shahrukh Khan: आधी रात कुछ इस अंदाज में शाहरुख खान ने दिया अपने फैंस को सरप्राइज, देखें Video

Shah Rukh Khan 57th Birthday

नई दिल्ली। शाहरुख खान बॉलीवुड जगत का ऐसा नाम है जिसे बच्चा-बच्चा पहचानता है। शाहरुख खान ने अपने फिल्मी करियर में एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। न सिर्फ भारत में बल्कि विदेशों में भी शाहरुख खान के नाम का सिक्का चलता है। जब भी एक्टर की कोई फिल्म रिलीज होने वाली होती हैं तो रिलीज से पहले ही वो फिल्म सोशल मीडिया पर छा जाती है। आज 2 नवंबर को एक्टर शाहरुख खान (Shah Rukh Khan Birthday) का जन्मदिन है। एक्टर आज 57 साल के हो गए हैं। एक्टर के फैंस की संख्या लाखों में नहीं करोड़ों में हैं…ऐसे में जब एक्टर का जन्मदिन या कोई खास दिन होता है तो उनके घर मन्नत के बाहर जमा हो जाते हैं। हर साल की तरह ही इस बार भी एक्टर के जन्मदिन पर उनके घर के बाहर फैंस की भारी भीड़ देखने को मिली। खुद शाहरुख खान ने भी फैंस की भावनाओं का ख्याल रखते हुए अपनी छत पर आकर उन्हें सरप्राइज दिया।

छत पर आकर दिया फैंस को सरप्राइज

बॉलीवुड के दमदार एक्टरों में शामिल शाहरुख खान का जन्मदिन उनके फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता। हर बार एक्टर के बर्थडे के मौके पर लोग भारी संख्या में मन्नत (शाहरुख खान के घर का नाम) के बाहर उनकी एक झलक पाने के लिए जमा हो जाते हैं। बीती रात भी ऐसा ही देखने को मिला। मन्नत के बाहर भारी संख्या में फैंस ‘लव यू किंग खान…’ लिखे पोस्टर हाथों में लिए जन्मदिन की शुभकामनाएं के नारे लगा रहे थे। एक्टर ने भी अपने चाहने वालों का दिल रखते हुए आधी रात उन्हें छत पर आकर सरप्राइज दिया। एक्टर इस दौरान ब्लू जींस के साथ ब्लैक कलर की टी-शर्ट पहने नजर आए। इस दौरान शाहरुख खान के साथ ही उनका छोटा बेटा अबराम भी नजर आया। एक्टर ने फैंस की बर्थडे विश ली और बाहें फैलाकर अपना सिग्नेचर पोज करते हुए उनका धन्यवाद किया।

सोशल मीडिया पर इस दौरान के कुछ वीडियो सामने आए हैं जिनमें शाहरुख खान के घर के बाहर फैंस भारी संख्या में खड़े नजर आ रहे हैं। इस वीडियोज में देखा जा सकता है कि हर साल की तरह ही इस बार भी भारी संख्या में एक्टर के चाहने वाले मन्नत के बाहर जमा है। कई लोग इस दौरान एक्टर के लिए मिठाई, टी-शर्ट और शाहरुख के बड़े-बड़े पोस्टर भी लाए हैं।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हर साल ही बर्थडे के मौके पर एक्टर अपने फैंस को छत पर आकर इस तरह से प्यार देते हैं लेकिन बीते साल अपने बड़े बेटे आर्यन खान के ड्रग्स मामले में फंसे होने के कारण वो जन्मदिन पर बाहर नहीं आए थे। वर्क फ्रंट की बात करें तो अब जल्द ही एक्टर एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘पठान’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में वो दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम के साथ नजर आएंगे। फिल्म 25 जनवरी, 2023 को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज की जाएगी।

Exit mobile version