News Room Post

Gadar 2 vs OMG 2 BO Collection: सनी देओल की गदर 2 पहुंची 300 के पार, अक्षय की OMG 2 की भी नहीं रुक रही रफ्तार

नई दिल्ली। सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर फिल्म ग़दर 2 सिनेमाघरों में ग़दर मचा रही है। बीते 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ये फिल्म कमाई के मामले में हर रोज नए-नए रिकॉर्ड्स तोड़ रही है। फिल्म लगातार धुंआधार कमाई के झंडे गाड़ रही है। फैंस के बीच गदर 2 का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। ग़दर 2, 22 साल पहले आई फिल्म ग़दर-एक प्रेमकथा का सीक्वल है। फिल्म में सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन अनिल शर्मा ने किया है।

ग़दर 2 पहुंची 300 करोड़ के पार

जब ग़दर 2 रिलीज की गई थी तब शायद किसी ने भी नहीं सोचा होगा कि ये फिल्म इतनी जल्दी कमाई के इतने बड़े लैंडमार्क को पार कर लेगी। लेकिन ऐसा सच में हो गया है। गदर 2 ने अपने 8वें दिन 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और इसी के साथ ये फिल्म शाहरुख़ खान की पठान के बाद सबसे तेजी से 300 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बन गई है। ग़दर ने 8 दिनों में 300 करोड़ का आंकड़ा पार किया है। जबकि SRK की पठान ने महज सात दिनों में ही 300 करोड़ कमा डाले थे।

अपने पहले हफ्ते में 284 करोड़ बटोर चुकी ग़दर 2 ने दूसरे हफ्ते की भी सॉलिड शुरुआत की। फिल्म ने शुक्रवार को अपने आठवें दिन 19-20 करोड़ तक का कलेक्शन किया। इसी के साथ फिल्म ने 300 करोड़ क्लब में अपनी धमाकेदार एंट्री भी मार ली। अब फिल्म का 8 दिन में टोटल नेट इंडिया कलेक्शन 303 करोड़ हो चुका है।

OMG 2 भी सुपरहिट

वर्ड्स ऑफ़ माउथ और अपने शानदार कंटेंट की बदौलत अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी की फिल्म OMG 2 भी ग़दर 2 की सुनामी के आगे डटी हुई है। ग़दर 2 के साथ रिलीज हुई इस फिल्म ने 8 दिनों में 90.65 करोड़ की ताबड़तोड़ कमाई कर डाली है। तो वहीं ओएमजी 2 का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 120 करोड़ के पार पहुंच गया है। फिल्म ओएमजी 2 का बजट लगभग 50 करोड़ है। ऐसे में अक्षय कुमार की इस फिल्म को रिलीज के 8 दिनों के भीतर ही सुपरहिट का टैग मिल चुका है।

Exit mobile version