News Room Post

सुशांत सिंह राजपूत का आज मुंबई में होगा अंतिम संस्कार, पोस्टमार्टम के बाद होगी फॉरेंसिक जांच

नई दिल्ली। दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई में किया जाएगा। उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्य पटना से मुंबई पहुंचेंगे और उसके बाद सुशांत का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सुशांत सिंह राजपूत को रविवार को उनके घर में एक नौकर ने फांसी पर लटका देखा था, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचित किया। इंडिया टुडे वेबसाइट के अनुसार, यह पता चला है कि सुशांत ने अपने जीवन को समाप्त करने से पहले रविवार सुबह लगभग 10 बजे एक ग्लास जूस भी पीया था। इसके बाद उन्होंने अपने आपको बेडरूम में बंद कर लिया।

जब उनके नौकर ने दरवाजे पर बार-बार दस्तक दी और सुशांत ने कोई जवाब नहीं दिया। तब उसने पड़ोसियों को भी बुलाया। कुछ देर बाद पुलिस पहुंची और लगभग 12.30 बजे सुशांत के फ्लैट में उसका शव लटकते हुए पाया गया। पुलिस ने कहा है कि घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

मुंबई पुलिस ने रविवार दोपहर जारी एक बयान में कहा, सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या की है, मुंबई पुलिस जांच कर रही है। अभिनेता के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शहर के कूपर अस्पताल ले जाया गया। सुशांत सिंह राजपूत पिछले कुछ महीनों से कथित तौर पर अवसाद से जूझ रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। पिछले कुछ महीनों के उनके सोशल मीडिया पोस्ट से पता चलता है कि उन्होंने अपने अवसाद पर काबू पाने के लिए योग और ध्यान लगाने की भी कोशिश की थी।

Exit mobile version