News Room Post

Viral: इस तरह ‘पुष्पा द राइज’ में बदला जाता था अल्लू अर्जुन का चेहरा, इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ Video

allu arjun

नई दिल्ली। अल्लू अर्जुन ने फिल्म ‘पुष्पा द राइज’ से तहलका मचा दिया है। रश्मिका मंदाना के साथ आई सुपरस्टार की ये फिल्म फैंस का दिल जीतने में कामयाब हुई। मैं झुकेगा नहीं का अल्लू अर्जुन का डायलॉग आजकल मीम्स का बेस बन गया है। फिल्म के बारे में वैसे तो तमाम जानकारियां सामने आई हैं, लेकिन पहली बार एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि किस तरह मेकअप से अल्लू अर्जुन का लुक इस फिल्म में बदला जाता था। मेकअप के जरिए अल्लू अर्जुन के चेहरे को बदलने के तौर तरीके वाले वीडियो की शुरुआत एक कार से अल्लू के उतरने से होती है। वो मेकअप के लिए बैठते हैं। फिर उनके बालों में क्रीम लगाया जाता है। चेहरे पर भी तिल बनाया जाता है और माथे पर कट का निशान भी। ये सारी प्रक्रिया बताती है कि फिल्मों में मेकअप किस तरह होता है।

वीडियो से पता चलता है कि किस तरह पुष्पा राज बनने के लिए लंबे समय तक अल्लू अर्जुन को मेकअप कराना होता था। हर रोज लंबे वक्त तक ये काम चलता था और इसमें किसी गलती की कोई गुंजाइश नहीं थी। हर रोज बालों को वही लुक देना, चेहरे पर उसी जगह तिल और कट का निशान बनाने में मेकअप करने वालों ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। बड़े ही ध्यान से अल्लू के चेहरे पर ये चीजें बनाने में मेकअप करने वालों ने अपनी सारी कला उड़ेल दी थी। वीडियो में ये भी दिखता है कि अल्लू अर्जुन खुद मेकअप होने के बाद आईने के सामने खड़े होकर देखते थे कि उनका लुक ठीक से किया गया है या नहीं।

बता दें कि अल्लू अर्जुन की ये फिल्म पिछले साल 17 दिसंबर को पहले साउथ में रिलीज हुई थी। बाद में इसे हिंदी में डब करके उत्तर भारत में पेश किया गया। साउथ के अलावा हिंदी बेल्ट में भी फिल्म ने तहलका मचा दिया था। दुनियाभर में पुष्पा द राइज ने 300 करोड़ से भी ज्यादा जुटाए। अब इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ही जल्दी देखा जा सकेगा। अगले एक-दो महीने में पुष्पा को आप ओटीटी पर भी देख सकेंगे।

Exit mobile version