News Room Post

Manipur Attack: मणिपुर में सीआरपीएफ पर कुकी उग्रवादियों का हमला, 2 जवान शहीद

इंफाल। मणिपुर में उग्रवाद फिर से सिर चढ़ा रहा है। ताजा जानकारी के मुताबिक कुकी उग्रवादियों ने शुक्रवार आधी रात सीआरपीएफ पर हमला किया। हमला रात 2.15 बजे तक जारी रहा। कुकी उग्रवादियों से सीआरपीएफ के जवानों ने जमकर मोर्चा लिया, लेकिन इस दौरान 2 जवान शहीद हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ के जवान मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के नारानसेना में तैनात थे। सीआरपीएफ की 128वीं बटालियन को यहां सुरक्षा के लिए लगाया गया है। इससे पहले भी कई बार कुकी उग्रवादियों ने केंद्रीय बलों और सेना के जवानों पर हमले किए हैं। सीआरपीएफ पर हमले के अलावा ये भी खबर है कि कुकी उग्रवादियों ने कांगपोकपी, उखरुल और इंफाल पूर्व जिलों में एक-दूसरे पर फायरिंग की। कुकी गुटों में हुई फायरिंग में 2 लोगों की जान गई। पहले ही मणिपुर के थौबल जिले के हेइरॉक और तेंगनोपाल में कई दिन तक फायरिंग की घटनाएं हुई थीं। इससे मोइरंगपुरेल में हिंसा भी भड़की थी।

मणिपुर में 2023 से लगातार हिंसा हो रही है। पहले तो रोज ही यहां हिंसा की घटनाएं देखने को मिल रही थीं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से सुरक्षाबलों की संख्या बढ़ाए जाने के बाद घटनाएं कम हो गई हैं। फिर भी अब तक कुकी उग्रवादियों को पूरी तरह खत्म करने में सफलता नहीं मिल सकी है। मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदायों के बीच पुरानी तनातनी है। मणिपुर में बीजेपी का शासन है और वहां होने वाली हिंसा की घटनाओं को लेकर विपक्ष लगातार निशाना साधता रहता है। वहीं, केंद्र सरकार और मणिपुर के सीएम एन. बीरेन सिंह ने हमेशा कहा है कि हिंसा की घटनाओं पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

Exit mobile version