News Room Post

Maharashtra: मुंबई में बुजुर्ग ने बनाया रिकॉर्ड, 81 साल की उम्र में बेटे को डोनेट की किडनी

kidney donation record holder kala shah

मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई की एक 81 साल की बुजुर्ग ने किडनी डोनेट कर रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने अपने 56 साल के बेटे के लिए किडनी दी। नवी मुंबई के अपोलो हॉस्पिटल में मां और बेटे का ऑपरेशन डॉक्टरों ने किया। डॉक्टरों का दावा है कि देश में इतनी उम्र में किडनी दान करने का महिला ने रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले कभी किसी बुजुर्ग ने किडनी डोनेट नहीं की। किडनी डोनेट करने वाली महिला का नाम कला शशिकांत शाह है। उनके बेटे राजेन को 2020 में किडनी फेल होने का पता चला था राजेन को हर हफ्ते 4 बार डायलिसिस करानी पड़ती थी। डॉक्टरों ने उन्हें किडनी ट्रांसप्लांट की सलाही दी थी।

राजेन के लिए किडनी की तलाश शुरू हुई, लेकिन किडनी डोनर मिल नहीं रहा था। इस पर कला ने अपने बेटे के लिए खुद की किडनी डोनेट करने की बात डॉक्टरों से कही। अपोलो में राजेन की सर्जरी करने वाले डॉक्टरों का कहना है कि बुजुर्ग की इस पहल पर वो भौंचक्के रह गए थे। डॉक्टर परेशान थे कि इतनी बुजुर्ग की किडनी आखिर कैसे ली जाए। फिर उन्होंने टेस्ट करने का तय किया और कला के कई टेस्ट किए। टेस्ट से पता चला कि कला की किडनियां ठीक हैं और उनकी शारीरिक हालत भी किडनी डोनेट के लिए अच्छी है। इसके बाद कला की एक किडनी निकालकर डॉक्टरों ने राजेन को लगा दी।

पहले डॉक्टरों ने कला की एक किडनी निकाली और उन्हें ऑपरेशन थिएटर से आईसीयू ले जाकर रखा। इसके बाद संरक्षित किडनी को राजेन को लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई। इस सर्जरी में करीब 14 घंटे का वक्त लगा। राजेन को टाइप टू डायबिटीज भी है। इसके अलावा वो हाइपरटेंशन के मरीज भी हैं। घाटकोपर के रहने वाले राजेन पेशे से आईटी का काम देखते हैं। अपोलो हॉस्पिटल के डॉक्टरों के मुताबिक सर्जरी के बाद मां और बेटे दोनों स्वस्थ हैं। 81 साल की कला शशिकांत हर रोज सुबह जल्दी उठती हैं। वो समय पर ठीक भोजन करती हैं और सक्रिय रहती हैं। तनाव नाम की चीज उनके चेहरे पर कभी नहीं दिखती।

Exit mobile version