News Room Post

9 Dead In Hajipur Bihar As DJ Touches High Tension Wire: बिहार के हाजीपुर में दर्दनाक हादसा, कांवड़ियों का डीजे हाईटेंशन लाइन से छूने के कारण 9 लोगों ने गंवाई जान

9 Dead In Hajipur Bihar As DJ Touches High Tension Wire: सुलतानपुर के कांवड़िए डीजे बजाते हुए पहलेजा घाट से जल लेने जा रहे थे। तेज म्यूजिक पर नाचते हुए ये लोग जा रहे थे। उसी वक्त हाईटेंशन बिजली के तार से डीजे छू गया। डीजे के छूते ही हाईटेंशन लाइन से करंट पूरी गाड़ी में उतर आया।

हाजीपुर। सावन के सोमवार पर बिहार के हाजीपुर में बड़ा हादसा हुआ। हाजीपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के सुलतानपुर में कांवड़ियों का डीजे 11000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। इससे करंट उतर आया। करंट लगने से 8 कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। 1 और ने बाद में दम तोड़ दिया। कई और लोग करंट लगने से बुरी तरह झुलसे हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हाजीपुर सदर के एसडीपीओ ओमप्रकाश ने मीडिया को बताया कि ऊंची गाड़ी पर कांवड़ियों ने डीजे लगा रखा था। हाईटेंशन लाइन से डीजे छू गया और ये दर्दनाक हादसा हो गया।

जानकारी के मुताबिक सुलतानपुर के कांवड़िए डीजे बजाते हुए पहलेजा घाट से जल लेने जा रहे थे। तेज म्यूजिक पर नाचते हुए ये लोग जा रहे थे। उसी वक्त हाईटेंशन बिजली के तार से डीजे छू गया। डीजे के छूते ही हाईटेंशन लाइन से करंट पूरी गाड़ी में उतर आया। करंट के गाड़ी में उतरते ही चीख-पुकार मच गई। गाड़ी पर सवार लोग बिजली के करंट से मारे गए और झुलसे। हाईटेंशन लाइन के करंट से झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत का काम शुरू किया। हादसे के बाद सवाल ये है कि आखिर डीजे इतनी ऊंचाई वाला क्यों बनाया गया था और घटनास्थल पर इसे पहले रोकने की कोशिश क्यों नहीं हुई?

पुलिस के मुताबिक सुलतानपुर में हुए हादसे में धर्मेंद्र पासवान, राजा कुमार, नवीन कुमार पासवान, अमरेश कुमार, अशोक कुमार, कालू कुमार पासवान, आशी कुमार पासवान, चंदन कुमार पासवान और आमोद कुमार की जान गई है। 3 अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। मृतकों और झुलसे हुए लोगों के परिजन शोक में हैं। बता दें कि देश के कई अन्य हिस्सों में पहले भी कई बार कांवड़ियों के डीजे में करंट उतरने से इसी तरह के भयानक हादसे हो चुके हैं।

Exit mobile version