News Room Post

Manipur Violence: मणिपुर के बाद अब मिजोरम में तनाव, मैतेई लोगों को सरकार कर सकती है एयरलिफ्ट, निर्वस्त्र मामले में छठा आरोपी गिरफ्तार

threat to meitei people

आईजॉल। मणिपुर में दो कुकी महिलाओं को निर्वस्त्र और एक से रेप करने का मामला शांत होता नहीं दिख रहा। ताजा घटनाक्रम में मिजोरम में एक पूर्व आतंकी संगठन ने राज्य में बसे मैतेई लोगों से कहा है कि वे अपनी सुरक्षा की खातिर राज्य छोड़ दें। इस धमकी के बाद आईजॉल एयरपोर्ट के जरिए मैतेई लोगों के पलायन की खबर है। वहीं, हालात को देखते हुए केंद्र सरकार अब मिजोरम से मैतेई लोगों को एयरलिफ्ट करने की योजना बना रही है। दूसरी तरफ मणिपुर की बात करें, तो यहां कुकी महिलाओं को निर्वस्त्र और रेप करने के मामले में छठा आरोपी गिरफ्तार किया गया है। कुल गिरफ्तार लोगों में एक नाबालिग भी है। अभी और आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश हो रही है।

इस बीच, अब ये आरोप लग रहा है कि सिर्फ दो कुकी महिलाओं से ही बदसलूकी नहीं हुई। 4 मई को 5 महिलाओं को बर्बरता का शिकार बनाए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, मणिपुर सरकार या राज्य की पुलिस ने अब तक इस दावे पर कुछ नहीं कहा है। पिछले दिनों सीएम एन. बीरेन सिंह ने एक टीवी चैनल से इंटरव्यू में ये जरूर कहा था कि दो महिलाओं से ही सिर्फ बदसलूकी नहीं हुई है, ऐसी दर्जनों अन्य घटनाएं भी हैं। बताया जा रहा है कि हर मामले की पुलिस तेजी से जांच कर रही है। आने वाले दिनों में और भी आरोपी गिरफ्तार किए जाने वाले हैं।

मणिपुर में 27 अप्रैल को हाईकोर्ट के एक आदेश के बाद 3 मई से हिंसा भड़की थी। हाईकोर्ट ने मैतेई समुदाय को आरक्षण देने के लिए राज्य सरकार को केंद्र को लिखने को कहा था। इसका पहाड़ी इलाकों में बसे कुकी समुदाय ने विरोध किया और हिंसा शुरू हो गई। जिसके बाद केंद्र सरकार ने आनन-फानन में बड़े पैमाने पर सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों को मणिपुर में तैनात किया था। इसके बावजूद हिंसा की घटनाएं होती रहीं। पिछले कुछ दिनों से मणिपुर में हालात शांत होते दिख रहे थे, लेकिन कुकी महिलाओं से बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद फिर हालात तनाव वाले हो गए हैं।

Exit mobile version