News Room Post

Sambalpur Violence: बंगाल, बिहार और झारखंड के बाद अब सुलगा ओडिशा, संबलपुर में बाइक यात्रा पर पथराव और आगजनी, 10 पुलिसकर्मी घायल

sambalpur violence 1

संबलपुर। पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के बाद अब ओडिशा के संबलपुर में हिंसा हुई है। खबरों के मुताबिक 14 अप्रैल को हनुमान जयंती से पहले एक बाइक रैली बुधवार को निकाली जा रही थी। इस बाइक रैली पर पथराव हुआ। जिसके बाद हिंसा भड़क गई। उपद्रवियों ने कई बाइक और एक गुमटी को फूंक डाला। कई कारों में भी तोड़फोड़ हुई। संबलपुर में हुई इस हिंसा को रोकने की कोशिश कर रहे 1 एएसपी और 2 इंस्पेक्टर समेत 10 पुलिसकर्मी घायल हुए। इनमें एक महिला भी है। हिंसा के बाद प्रशासन ने संबलपुर शहर के सभी 6 थाना क्षेत्रों में धारा 144 लागू कर दी है। किसी भी जगह 2 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगाई गई है।

संबलपुर हिंसा संबंधित ये फोटो ट्विटर से मिले हैं।

एडिशनल एसपी तपन कुमार मोहंती ने मीडिया को बताया कि बाइक रैली में करीब 1000 लोग शामिल थे। संबलपुर शहर के धनुपल्ली थाना क्षेत्र के भूदापाड़ा और सुनापली से बाइक रैली जा रही थी। इसी दौरान मोतीझरन इलाके में इस पर पथराव किया गया। जिसके बाद ही हिंसा भड़की और देखते ही देखते आगजनी और तोड़फोड़ होने लगी। हिंसा में क्या आम लोग भी घायल हुए, इस पर मोहंती ने बताया कि अभी जांच की जा रही है कि कोई अन्य घायल हुआ है या नहीं।

झारखंड के जमशेदपुर में पहले हुई थी हिंसा।

ओडिशा से पहले पश्चिम बंगाल के हावड़ा और रिषड़ा, बिहार के सासाराम और बिहार शरीफ और झारखंड के जमशेदपुर में रामनवमी और हनुमान जयंती के मौके पर जमकर हिंसा हुई थी। बिहार शरीफ में तो कर्फ्यू भी लगाना पड़ा था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को हनुमान जयंती के मौके पर चौकसी बरतने के लिए भी कहा था। इसके बाद भी संबलपुर में उपद्रवियों का तांडव देखने को मिला।

Exit mobile version