News Room Post

UP: ध्यान भटकाने के लिए भाजपा ने छेड़ी मंत्रिमंडल के पुनर्गठन की चर्चा : अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सरकार ने ध्यान भटकानें के लिए अब राज्य मंत्रिमंडल के पुनर्गठन की चर्चा छेड़ दी है। इससे कुछ होने वाला नहीं है। अखिलेश यादव ने आज यहां एक जारी बयान में कहा कि, “भाजपा सरकार की हर मोर्चे पर विफलता से लोगों में भारी आक्रोश है। जनता के बीच गिरती साख से भाजपा और संघ के माथे पर चिंता की रेखाएं स्पष्ट दिखने लगी हैं। ऐसे में कोरोना-फंगस और मंहगाई के संकट से जनता का ध्यान भटकाने के लिए अब राज्य मंत्रिमंडल के पुनर्गठन की चर्चा छेड़ दी है। हालांकि भाजपा की यह राजनीतिक कसरत से भी उसके पक्ष में कोई परिणाम नहीं मिलने वाला है।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना से उपजी त्रासदी की जिम्मेदार भाजपा सरकार है। बीते चार वषरे के भाजपा शासनकाल में सूबे के विभिन्न जिलों में समाजवादी सरकार में निर्मित अस्पताल और ट्रामा सेंटर को शुरू करने में मुख्यमंत्री ने कोई रुचि नहीं दिखाई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जहां भी दौरा किया वह सभी अस्पताल समाजवादी सरकार में बने थे। मुख्यमंत्री कहीं ऐसे अस्पताल का भी दौरा कर लेते जो विगत चार वर्ष में भाजपा सरकार ने बनाया हो। पिछले कोरोना काल के कटु अनुभव से यूपी सरकार ने कोई सबक नहीं सीखा है।

“सपा सबको समयबद्ध सीमा में वैक्सीन लगाने का सुझाव देती है तो भाजपा के मंत्रीगण इधर-उधर की बातें क्यों करने लगते हैं। अपनी विफलता पर पर्दा डालने को भाजपा सरकार अपनी सफलता मानती है। वैक्सीनेशन में भी लापरवाही की कई घटनाएं प्रकाश में आ रही हैं। भाजपा को वैक्सीनेशन के मामले में पारदर्शिता रखनी चाहिए।”

Exit mobile version