News Room Post

Temperature Crossed 52 Degrees In Delhi : दिल्ली में टूट गए गर्मी के सारे रिकॉर्ड, 52 डिग्री से ऊपर पहुंचा तापमान, शाम को अचानक हुई बारिश के बाद मिली राहत

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी के पिछले सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। दिल्ली के मुंगेशपुर में आज दोपहर 3 बजे के आसपास का अधिकतम तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसा पहली बार हुआ है जब दिल्ली में पारा इस कदर 52.3 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अतिरिक्त कई अन्य इलाकों में भी पारा 50 डिग्री के आसपास रहा।

तपती गर्मी के चलते दिल्ली वासियों का हाल बेहाल है। हालांकि इस सबके बीच शाम पांच बजे के आसपास अचानक दिल्ली-एनसीआर का मौसम बदल गया। पहले तेज हवा के साथ आंधी आई जिससे लोगों को धूप से कुछ राहत मिली। इसके बाद देखते ही देखते कई इलाकों में बारिश भी शुरू हो गई।

जहां दोपहर में पारा 50 डिग्री के पार जा रहा था, वहीं शाम को अचानक हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बारिश के चलते भीषण तपती गर्मी से परेशान दिल्ली और एनसीआर के लोगों को राहत मिली है। गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने भी आज मजदूरों को राहत देते हुए दोपहर 12 से 3 बजे तक उनको छुट्टी देने का आदेश जारी किया है। इसके लिए उनकी तनख्वाह में कटौती नहीं की जाएगी।

इससे पहले आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया था कि अरब सागर से हवाएं आ रही हैं, उसके कारण तापमान में गिरावट आएगी। आज के लिए पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य-प्रदेश के लिए रेड अलर्ट है। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी। हम उम्मीद कर रहे हैं कि कल के बाद हीटवेव की गंभीरता कम हो जाएगी। एक पश्चिमी विक्षोभ भी आ रहा है जिससे हल्की बारिश भी हो सकती है। हमारा अनुमान है कि आज जो कुछ हिस्सों में तापमान 49 था वो 2 से 4 डिग्री कम होकर 45 तक पहुंच सकता है।

Exit mobile version