News Room Post

Sammed Shikhar ji: विरोध प्रदर्शन के बीच सरकार ने सम्मेद स्थल पर लिया ये बड़ा फैसला, जैन समुदाय ने किया स्वागत

नई दिल्ली। नए साल के मौके पर राजधानी दिल्ली सहित अन्य राज्यों में जैनियों का विरोध प्रदर्शन दिखा था। यह विरोध प्रदर्शन तेजी से दूसरे राज्यों में भी पहुंचा। विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में जैन समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया। दरअसल, जैनियों का यह विरोध प्रदर्शन जैन धार्मिक स्थल सम्मेद स्थल को सरकार द्वारा पर्यटक स्थल में तब्दील करने के विरोध में था। प्रदर्शनकारी जैनियों की मांग थी कि सम्मेद को पर्यटक स्थल में तब्दील ना किया जाए, क्योंकि ऐसा करने यहां भारी संख्या में पर्यटक पहुंचेंगे। मदिरा-पान का सेवन बढ़ेगा। जिससे इस स्थल की शुद्धि पर आंच आएगी।

वहीं, अब खबर है कि जैनियों के इस विशाल विरोध प्रदर्शन को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने अपने फैसले को वापस ले लिया है और सम्मेद स्थल पर मदिरा पान के सेवन पर रोक लगा दी है। पर्यटकों के आने जाने पर रोक लगा दी गई है। इस संदर्भ में समिति गठित करने का निर्देश भी दिया गया है। इसके अलावा झारखंड सरकार को तत्काल कदम उठाने के लिए कहा गया है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने खुद इस बारे में जानकारी सार्वजनिक की है। इसके अलावा बीते दिनों जैन समुदाय ने इस संदर्भ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन भी सौंप था। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कर दिया था कि जब तक हमारी मांगों पर विचार नहीं किया जाता है, तब तक हमारा यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। बता दें कि राजधानी दिल्ली सहित अन्य राज्यों में जैनियों का अहिंसक विरोध प्रदर्शन जारी था।

माना जा रहा था कि आगामी दिनों में यह विरोध प्रदर्शन व्यापक हो सकता है, लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से समय रहते इस पर बड़ा फैसला ले लिया गया है। उधर, केंद्र सरकार के इस फैसले का प्रदर्शनकारी जैनियों ने स्वागत किया है। बीते दिनों खुद झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने केंद्र को पत्र लिखा था।

बता दें कि बीते दिनों केंद्र व झारखंड सरकार की सहमति के बाद जैनियों के धार्मिक स्थल सम्मेद स्थल को पर्यटक स्थल में तब्दील करने का फैसला किया गया था। जिसके बाद देश के कई राज्यों में इसका विरोध प्रदर्शन देखा गया है। अब ऐसे में यह पूरा माजरा आगामी दिनों में क्या रुख अख्तियार करता है। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।

Exit mobile version