News Room Post

Another Jolt To Arvind Kejriwal: शराब घोटाला में घिरे अरविंद केजरीवाल को एक और झटका, पीए विभव कुमार सेवा से बर्खास्त

नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को एक और झटका लगा है। विजिलेंस विभाग ने उनके निजी सचिव यानी पीए विभव कुमार को बर्खास्त कर दिया है। विभव कुमार से ईडी कई बार पूछताछ कर चुकी थी। विभव कुमार को अरविंद केजरीवाल का खास माना जाता है। अरविंद केजरीवाल ने तिहाड़ जेल में मुलाकात करने वालों की जो लिस्ट दी, उसमें भी विभव कुमार का नाम है। जब अरविंद केजरीवाल ईडी की रिमांड पर थे, तब रोज उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ विभव कुमार भी मिलने जाते थे। देखिए, विजिलेंस विभाग ने विभव कुमार को बर्खास्त करने के बारे में क्या दलील दी है।

अरविंद केजरीवाल को लगातार झटके पर झटका लग रहा है। पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने अरविंद केजरीवाल की तरफ से गिरफ्तारी और ईडी रिमांड के खिलाफ दाखिल अर्जी को खारिज कर दिया। दिल्ली हाईकोर्ट ने अपने फैसले में साफ कहा है कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ईडी ने शराब घोटाला मामले में सबूत रखे हैं। वहीं, अरविंद केजरीवाल ने राउज एवेन्यू कोर्ट में अपने वकीलों से हर हफ्ते 5 दिन मुलाकात की जो अर्जी दी थी, उसे भी अदालत ने खारिज कर दिया। ऐसे में अब विभव कुमार को पीएम पद से हटाया जाना अरविंद केजरीवाल के लिए एक और झटका है।

 

अरविंद केजरीवाल को ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। ईडी का आरोप है कि अरविंद केजरीवाल शराब घोटाला के किंगपिन यानी मुख्य साजिशकर्ता हैं। ईडी ने अरविंद केजरीवाल पर शराब घोटाला के आरोपियों से साठगांठ और घूस हासिल करने जैसे आरोप भी लगाए हैं। राउज एवेन्यू कोर्ट ने गिरफ्तार किए जाने के बाद 2 बार अरविंद केजरीवाल को ईडी की रिमांड पर भेजा था। जिसके बाद अरविंद केजरीवाल अभी न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद हैं। कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश दिया है। हालांकि, राहत पाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को उनकी अर्जी पर तत्काल सुनवाई नहीं की। सुप्रीम कोर्ट में अब सोमवार को अरविंद केजरीवाल की अर्जी पर सुनवाई होने की उम्मीद है।

Exit mobile version