News Room Post

Border Dispute: मिजोरम से सीमा विवाद सुलझाने के लिए यह कदम उठाने को तैयार हैं असम के CM हिमंत, बातचीत से निकल सकता है हल

गुवाहाटी। मिजोरम से सीमा विवाद की वजह से बीते दिनों असम के छह पुलिसवालों की हत्या हो गई थी। जिसके बाद दोनों राज्यों में तनाव बढ़ गया था। अब असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने इस विवाद को खत्म करने के लिए नई बात कही है। हालांकि, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से बात करने के बाद दोनों राज्यों के सीएम बातचीत से मसले का हल खोजने के लिए राजी हो गए हैं। मिजोरम पुलिस ने बीते दिनों हिमंत और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसी पर असम के सीएम ने अब कहा है कि अगर मिजोरम पुलिस उनकी गिरफ्तारी करती है और इससे शांति स्थापित हो सकती है, तो वह खुशी-खुशी गिरफ्तार होने के लिए तैयार हैं।

बिस्व सरमा ने कहा कि अगर मिजोरम पुलिस उन्हें तलब करेगी, तो वह सिलचर से वैरंगते तक पदयात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के खिलाफ वह गुवाहाटी हाईकोर्ट से जमानत भी मांगने नहीं जाएंगे। हिमंत ने साफ कर दिया कि असम के अफसरों और पुलिसवालों की रक्षा के लिए वह हर संभव कदम उठाएंगे और मिजोरम पुलिस को इन लोगों से पूछताछ की मंजूरी सरकार कतई नहीं देगी। बता दें कि असम पुलिस ने भी मिजोरम से राज्यसभा सांसद के. वनललवेना और छह अफसरों को ढलाई थाने में तलब किया है। इनमें मिजोरम के एक उपायुक्त और कोलासिब जिले के एसपी शामिल हैं।

उधर, मिजोरम के सीएम जोरमथंगा ने उम्मीद जताई है कि दोनों राज्यों के सीएम के बीच बातचीत से 150 साल पुराने सीमा विवाद का हल निकल आएगा। अमित शाह और हिमंत बिस्व सरमा से बातचीत के बाद जोरमथंगा ने ट्वीट कर यह जानकारी दी थी। जोरमथंगा ने मिजोरम के लोगों से भी अपील की है कि वे इस मामले में सोशल मीडिया पर किसी तरह का भड़काऊ पोस्ट न करें।

Exit mobile version