News Room Post

Year Ender 2023: इस साल 6 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव, कौन सी पार्टी ने दर्ज की जीत और किसे मिली निराशा, जानिए पूरी लिस्ट

नई दिल्ली। साल 2023 देश की राजनीति के लिए बड़ा उतार चढ़ाव वाला रहा है। ये साल कई पार्टियों के लिए बहुत अच्छा रहा तो कुछ पार्टियों के लिए ये साल किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। अभी हाल ही की बात करें तो दिसंबर महीने में ही 5 राज्यो को अपना नया मुख्यमंत्री मिला है और इसमें हैरान करने वाली बात है कि इन पांचो राज्यो में सभी नए चेहरे मुख्यमंत्री बने हैं। और इन पांचो राज्यो में बीजेपी ने काफी शानदार प्रदर्शन किया है जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि 2024 का लोकसभा चुनाव बीजेपी के लिए बेहतरीन साबित हो सकता है। तो आइए आज आपको इस खबर में बताएंगे की इस साल किन किन राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए और किस पार्टी को मिला ताज और किसके हाथ आई कटोरी।

सबसे पहले बात करते हैं कर्नाटक की

कर्नाटक विधानसभा चुनाव 10 मई 2023 को हुआ था, जिसके नतीजे 13 मई को घोषित हुए थे। इस विधानसभा चुनाव में सर्वाधिक 136 सीटें कांग्रेस को मिली थी। जिसके बाद वहां कांग्रेस ने सिद्दारमैया के नेतृत्व वाली सरकार बनाई थी। वहीं भारतीय जनता पार्टी की बात करें तो 65 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि के जेडीएस के खाते में केवल 19 सीटें ही आ पाई थी और अन्य के खाते में 4 सीटें आई थी।

मिजोरम विधानसभा चुनाव

अब मिजोरम की बात करें तो यहां 7 नवंबर 2023 को मतदान हुआ था। यहां 40 सीटों के लिए वोटिंग हुई और इसके नतीजे 3 दिसंबर को आए थे। इस चुनाव में ZPM(जोरम पिपुल्स मूवमेंट) ने 27 सीटें जीतकर बाजी मारी थी, MNF को केवल 10 सीटों पर ही संतुष्ट रहना पड़ा था, BJP को 2, कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली थी।

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव

बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के लिए दो चरणों में मतदान हुआ था। 7 नवंबर को पहले चरण में 20 सीटों के लिए वोटिंग हुई, जबकि 17 नवंबर को 70 सीटों के लिए मतदान हुआ। इस चुवान के नतीजे तीन दिसंबर को आए थे, जिसमें बीजेपी को 54 सीटों पर जीत मिली थी, कांग्रेस को 35 सीटों पर और 1 सीट अन्य के खाते में आई थी। इस जीत के साथ बीजेपी ने नए चेहरे विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ का नया मुख्यमंत्री बनाया है।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव

मध्य प्रदेश में 17 नवंबर 2023 को विधानसभा की 230 सीटों के लिए मतदान हुआ था। इसमें भारतीय जनता पार्टी ने 163 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं कांग्रेस की झोली में 66 सीटें गई, जबकि 1 सीट पर भारतीय आदिवासी पार्टी ने जीत दर्ज की थी। मध्य प्रदेश में भारी जीत के साथ बीजेपी ने अपनी सरकार फिर से बनाई, लेकिन BJP ने सबके चौंकाते हुई मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया।

राजस्थान विधानसभा चुनाव

राजस्थान विधानसभा चुनाव की बात करें तो यहां 199 सीटों के लिए मतदान 25 नवंबर को हुआ था। और इसके परिणाम 3 दिसंबर को सामने आए थे जिसमे फिर से राजस्थान के रिवाज को दोहराते हुए इस बार भी सरकार बदली और बीजेपी की सत्ता में वापसी हुई। इस चुनाव में BJP को 115 सीटें, कांग्रेस को 69, BSP को 2 और अन्य खाते में 15 सीटें गई थी। यहां भी बीजेपी ने चहरा बदलते हुए भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री की गद्दी सौंपी।

तेलंगाना विधानसभा चुनाव

तेलंगाना में 119 सीटों पर 30 नवंबर को मतदान हुए थे। जिसमे कांग्रेस ने 64 सीटों पर भारी जीत दर्ज की थी। और BRS के खाते में केवल 39 सीटें आ पाई थी, जबकि बीजेपी ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 8 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं, एआईएमआईएम ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की और एक सीट अन्य के खाते में गई थी। तेलंगाना में जीत के साथ कांग्रेस के रेवंत रेड्डी को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंपी गई।

Exit mobile version