News Room Post

Cold Wave: फिर कड़ाके की ठंड झेलने के लिए रहिए तैयार, मौसम विभाग के मुताबिक इस तारीख तक सताएगी सर्दी, कोहरा भी करेगा परेशान

cold wave 1

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। मौसम विभाग ने इसकी भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक कल यानी 16 जनवरी से 18 जनवरी तक दिल्ली, यूपी और राजस्थान में कड़ाके की ठंड लौटने के आसार है। मौसम विभाग के मुताबिक इन तारीखों पर न्यूनतम तापमान एक बार फिर 4 या इससे कम हो सकता है। विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से ठंड का प्रकोप थोड़ा कम हुआ था, लेकिन अब इसमें फिर इजाफा होने के आसार हैं। इससे आम लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

कड़ाके की ठंड लौटने की मौसम विभाग की चेतावनी।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी की वजह से ठंड वापस लौट रही है। कई पहाड़ी इलाकों में इस बार सीजन की पहली बर्फबारी देखी गई है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के तमाम इलाके बर्फ से पट गए हैं। बारिश भी कुछ जगह हुई है। बर्फ से टकराकर आने वाली ठंडी हवाओं की वजह से मैदानी इलाकों में लोगों को कंपकंपी छुट रही है। आने वाले कुछ दिनों तक यही सिलसिला जारी रहेगा। इसके बाद ठंड और कोहरा धीरे-धीरे कम होना शुरू होगा।

इस बार काफी दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ी। दिल्ली और उत्तर भारत के कई इलाकों में तो न्यूनतम तापमान ने रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। बीते दिनों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था। घने कोहरे की चादर हर तरफ दिख रही थी। इस वजह से आम लोगों को तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। साल 2022 में कम ही दिन ऐसी ठंड रही थी। इस बार ठंड का बड़ा अटैक देखा गया। अब 18 जनवरी तक ठंड के ऐसे ही कहर का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। इसकी वजह से लोगों की दुश्वारियों में बड़ा इजाफा हो सकता है।

Exit mobile version