News Room Post

Bengal Election: बंगाल में नहीं थम रही हिंसा, नंदीग्राम में धर्मेंद्र प्रधान की रैली में हमला

Dharmendra Pradhan Rally Bengal Attack FI

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य में हिंसा का दौर बढ़ता ही जा रहा है। लगातार राज्य से हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। बता दें कि बंगाल में बवाल की हालत अब ऐसी हो गई है कि, केंद्रीय मंत्री भी हिंसा की आंच से बच नहीं पा रहे हैं। गुरुवार को प्रदेश की सबसे की सबसे हाई प्रोफाइल सीट मानी जाने वाली नंदीग्राम में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की चुनावी रैली में हमला हो गया। इस हिंसा को लेकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर आरोप लगाया गया है। भाजपा की तरफ से कहा गया है कि यह हमला TMC के कार्यकर्ताओं ने किया है। गौरतलब है कि इस हमले में भाजपा का एक कार्यकर्ता बुरी तरह से जख्मी है। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक हिंसा में नन्दीग्राम-1 दक्षिण मंडल के युवा मोर्चा अध्यक्ष पूरन चन्द्र पात्रो का सिर फट गया है।

एक और ट्वीट में उन्होंने कहा कि, TMC की खिसकी जमीन को बचाने के लिए हिंसा और अराजकता का जो रास्ता दीदी अपना रहीं हैं, बंगाल भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता उससे डरने वाला नहीं है। यह हिंसा बंगाल में परिवर्तन के महायज्ञ की पूर्ति के लिए हमारी इच्छाशक्ति को और मजबूत करेगा।

इस हमले को लेकर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ट्वीट कर कहा कि, आज सोनाचुरा नंदीग्राम में भाजपा की रैली पर टीएमसी के गुंडों द्वारा पत्थरबाज़ी करने की शर्मनाक कृत्य की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। इस हमले में स्थानीय युवा मोर्चा के हमारे एक साथी पूर्णा चंद्र पात्रो के सर पर गम्भीर चोटें आयीं व अन्य कई और साथी घायल भी हैं।

बता दें कि पूरन चन्द्र पात्रो नन्दीग्राम के सोनचुरा में हो रही केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की चुनावी जनसभा में शामिल हुआ था। केंद्रीय मंत्री ने जख्मी कार्यकर्ता को हॉस्पिटल पहुंचाया है। धर्मेंद्र प्रधान ने अर्धसैनिक बलों की संख्या बढ़ाकर निष्पक्ष चुनाव कराए जाने की मांग की है।

वहीं बुधवार की रात बंगाल के बैरकपुर में भी भारतीय जनता पार्टी(BJP) सांसद अर्जुन सिंह के घर से थोड़ी ही दूर पर सिलसिलेवार तरीके से कई बम धमाके हुए। खबर के मुताबिक इन धमाकों में 3 लोग घायल हुए हैं। घायल होने वालों में एक बच्चा, एक युवक और एक बुजुर्ग महिला शामिल है। इन्हें इलाज के लिए पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बता दें कि इस हमले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, जगद्दल मेघना में अज्ञात बदमाशों की ओर से 10 से अधिक क्रूड बम बीती रात में फेंके गए। यह हमला जहां हुआ, वहां से बैरकपुर से सांसद अर्जुन सिंह का निवास पैदल दूरी पर है। बैरकपुर सिटी पुलिस घटनास्थल पर तैनात कर दी गई है।

सांसद अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि इस हमले को करने वाले टीएमसी कार्यकर्ता थे। उन्होंने कहा कि हिंसा की साजिश काफी गंभीर थी, करीब 15-20 बम चले हैं। उन्होंने बताया कि वो अपने घर पर हैं और सुरक्षित हैं। सांसद अर्जुन सिंह ने कहा, “जिन लोगों ने बम मारा है वो लोग कई दिनों से बम-पिस्तौल लेकर घूम रहे थे, इसकी शिकायत हमने पुलिस से भी की थी लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। आज उन्होंने वही काम किया जिसका हमें संदेह था। हम कल चुनाव आयोग जाएंगे।”

Exit mobile version