News Room Post

दिल्ली में बदमाशों के हौसले बुलंद, भाजपा नेता की दिनदहाड़े गोली मारकर की हत्या

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले बुलंद उस वक्त देखने को मिले जब दिन दहाड़े भारतीय जनता पार्टी के नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खबरों के अनुसार भाजपा नेता राहुल सिंह उर्फ भुरू सिंह को बुधवार सुबह कुछ लोगों ने उस वक्त गोली मार दी, जब वह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। हमलावरों ने राहुल सिंह को 6 गोलियां मारी।

राहुल सिंह आज सुबह मयूर पब्लिक स्कूल के पास से जब निकल रहे थे तभी अचानक बदमाशों ने उनपर हमला कर दिया और ताबड़तोड़ 6 गोलियां उनके सीने में उतार दीं। बता दें कि पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर से राहुल सिंह पूर्व निगम प्रत्याशी रह चुके हैं।

जानकारी के अनुसार 8 महीने पहले भी राहुल सिंह पर हमला हो चुका है। बताया जा रहा है कि यह आपसी रंजिश का मामला है। घटना की जानकारी मिलने पर जब मौके पर दिल्ली पुलिस की टीम पहुंची तो शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके साथ ही राहुल सिंह के परिजनों और करीबियों से पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version