News Room Post

Coronavirus: राहुल पर BJP का पलटवार, कहा- जब भी हिंदुस्तान में कुछ अच्छा होता है तो कांग्रेसियों को होती है चिढ़

Sambit Patra and Rahul Gandhi

नई दिल्ली। मंगलवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कोरोना पर एक श्वेतपत्र (व्हाइट पेपर) जारी किया। जिसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस नेता राहुल पलटवार करते हुए हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके व्हाइट पेपर की बात की और अड़ंगा लगाने का काम किया है। कोरोना की लड़ाई में जब भी निर्णायक मोड़ आए राहुल गांधी और कांग्रेस ने राजनीति करने का प्रयास किया। राहुल गांधी ने इस लड़ाई को पटरी से उतारने के लिए अथक परिश्रम किया है।

कांग्रेस पर हमला करते हुए पात्रा ने कहा, जब भी हिंदुस्तान में कुछ अच्छा होता है और देश अच्छा परफॉर्म करता है, तो कहीं न कहीं कांग्रेसियों को उससे चिढ़ होती है। राहुल गांधी से रुका नहीं जाता और वो प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उस पूरे विषय पर एक प्रश्नचिन्ह लगाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि योग दिवस के साथ ही कल का दिन बहुत महत्वपूर्ण था। कल पूरे विश्व में हिंदुस्तान एक मात्र ऐसा देश बना जिसने एक ही दिन में लगभग 87 लाख लोगों का टीकाकरण किया।

पात्रा ने आगे कहा कि, सेकेंड वेव कांग्रेस शासित राज्य से शुरू हुआ। कांग्रेस शासित राज्यों में इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा और सर्वाधिक मामले आए। सबसे ज्यादा मौतें कांग्रेस शासित राज्यों में हुईं। कांग्रेस शासित राज्यों ने कोवैक्सीन को लेकर इनकार किया और वहां सर्वाधिक मृत्यु दर रही है।

Exit mobile version