News Room Post

Bihar: 7वीं कक्षा के पेपर में कश्मीर को अलग देश बताने पर नीतीश सरकार पर भड़की BJP, संजय जायसवाल बोले- ये सीमांचल में…

Nitish kumar

नई दिल्ली। बिहार में कुछ समय पहले सत्ता परिवर्तन देखने को मिला था। बिहार की नीतीश सरकार ने एनडीए से अलग होते हुए लालू प्रसाद यादव की पार्टी राजद के साथ गठबंधन कर लिया था। गठबंधन में परिवर्तन के बाद भी पहले की तरह ही नीतीश कुमार राज्य के मुख्यमंत्री पद पर काबिज रहें। इस नए संबंधों का फायदा राजद को भी मिला और लालू यादव के छोटे लाल तेजस्वी यादव को बिहार के उप मुख्यमंत्री बन गए हैं। राजद (RJD) के साथ गठबंधन जोड़ने के बाद से ही नीतीश कुमार भारतीय जनता पार्टी के निशाने पर बने हुए थे। वहीं, अब एक बार फिर ऐसा मामला सामने आया है जिसके बाद भाजपा नीतीश सरकार पर हमलावर हो गई हैं।

ताजा मामला बिहार के किशनगंज जिले में कक्षा 7 की अर्धवार्षिक परीक्षा के पेपर से जुड़ा है। यहां बिहार शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा ली गई परीक्षा में कश्मीर को लेकर ऐसा सवाल किया गया है जिसके बाद बिहार की नीतीश सरकार सवालों के घेरे में आ गई है। कक्षा 7 की अर्धवार्षिक परीक्षा के जिस पेपर पर ये बवाल हो रहा है उसमें कश्मीर को अलग देश बताकर सवाल किया गया है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष संजय जायसवाल ने इस मामले को लेकर सीएम नीतीश सरकार पर वार करते हुए कहा है कि बिहार सरकार कश्मीर को भारत के हिस्से के रूप में नहीं देखती है।

ये सब सीमांचल में ही क्यों- संजय जायसवाल

कक्षा 7 की अर्धवार्षिक परीक्षा के पेपर में पूछे गए जिस सवाल पर बवाल हो रहा है उसमें ये लिखा गया है, ‘चीन, नेपाल, इंग्लैंड, भारत और कश्मीर जैसे देशों के लोगों को क्या कहते हैं।’ प्रश्न पर नजर डालें तो आप देखेंगे कि भारत और कश्मीर को अलग-अलग देशों की तरह दिखाया गया है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष संजय जायसवाल ने कश्मीर को लेकर किए गए इसी सवाल पर नीतीश सरकार को घेरते हुए कहा कि ये सब सीमांचल में ही क्यों हो रहा है।

इसके आगे संजय जायसवाल ने कहा कि सीमांचल क्षेत्र में हिंदी स्कूलों में शुक्रवार को बंदी करना और अब कश्मीर को पेपर में अलग देश के रूप में दिखाना ये बताता है कि बिहार सरकार को कश्मीर भारत का हिस्सा नहीं लगता। बिहार सरकार कश्मीर को एक अलग देश मानती है। हालांकि अब भाजपा की तरफ से बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष संजय जायसवाल ने सवाल खड़े कर नीतीश सरकार पर तो हमला बोल दिया है। अब देखना ये होगा कि नीतीश सरकार की तरफ से इसपर क्या जवाब आता है।

Exit mobile version