News Room Post

Lakhimpur Kheri: राहुल ने किया लखीमपुर जाने का ऐलान, BJP ने लगाया अशांति फैलाने का आरोप

Sambit And Rahul Gandhi

नई दिल्ली। यूपी के लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में रविवार को हुए बवाल के बाद घमासान मचा है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत कई दल इस घटना को सियासी मुद्दा बनाने में जुट गए है। कांग्रेस इस घटना को लेकर लगातार राजनीति करने में जुटी हुई है। एक तरफ जहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को सीतापुर के गेस्ट में गिरफ्तार किया गया है। वहीं दूसरी ओर अब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए लखीमपुर खीरी जाने का ऐलान कर दिया। साथ ही राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए केंद्र और योगी सरकार पर हमला बोला। इसी बीच अब भाजपा ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है। आपको बता दें कि लखीमपुर हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि, ”लखीमपुर खीरी में जो कुछ भी हुआ है, वो दुःखद है। हमने उसके पश्चात देखा है कि चाहे किसान संगठन हो, चाहे प्रशासन दोनों ने मिलकर बातचीत की, दोनों के बीच में समन्वय हुआ, दोनों ने बातचीत करके कुछ निष्कर्ष निकाले। मुख्यत: जो निष्कर्ष था वो एक निष्पक्ष जांच का था।”

संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि, ”पोस्टमॉर्टम पर किसी ने अगर सवाल नहीं उठाए, तो राहुल गांधी उसके विशेषज्ञ न होने के बाद भी उस पर भ्रम फैलाकर वातावरण को अशांत करने की कोशिश कर रहे हैं। गांधी परिवार का किसानों से कोई लेनादेना नहीं है। गांधी परिवार का केवल अपने परिवार से ही लेनादेना है।”

उन्होंने कहा कि, ”राजस्थान में धान की खरीदी के लिए कुछ किसान प्रशासन के सामने गए थे, उन पर लाठीचार्ज किया गया, वो किसान आज अस्पताल में भर्ती हैं, क्या राहुल गांधी जी ने इस पर राज्य के मुख्यमंत्री से बात की? राहुल गांधी लखीमपुर खीरी जाना चाहते हैं, पर क्या उन्होंने राजस्थान के किसानों की चिंता की?”

संबित पात्रा ने आगे कहा कि, ”राहुल जी आप जो वोटों की खेती करने का प्रयास कर रहे हैं, इससे आप बचिए। देश में सबसे महत्वूपर्ण विषय है शांति की स्थापना। हिंसा न हो, शांति रहे, हम विकास के पथ पर अग्रसर हों, हर जिम्मेदार राजनीतिक पार्टी का ये कर्तव्य है।”

Exit mobile version