News Room Post

Assam: यूपी के नतीजों से पहले असम से आई BJP के लिए खुशखबरी, निकाय चुनाव में चली भगवा लहर, कांग्रेस का हो गया सूपड़ा साफ

assam

नई दिल्ली। असम से बीजेपी के लिए अच्छी खबर आई है। हाल ही में हुए नगर निकाय चुनाव में बीजेपी ने बंपर जीत हासिल कर अन्य दलों के चारों खाने चित्त कर दिए हैं। बता दें कि बीजेपी के खाते में 80 सीटों में से 74 सीटें आईं हैं। वहीं, कांग्रेस की दुर्गति का अंदाजा आप महज इसी से लगा सकते हैं कि तमाम कोशिशों के बावजूद भी पार्टी महज एक सीट ही अपनी झोली में ला पाई है।  उधर, थोड़ी-बहुत ही सही, लेकिन आम आदमी पार्टी की कोशिशें रंग लाती हुई दिखीं हैं। नगर निकाय चुनाव में आप के खाते में दो सीटें आईं हैं। बता दें कि तिनसुकिया नगर पालिका से वार्ड नंबर 11 में एडवोकेट धीरज कुमार सिंह जीते। वहीं उत्तर लखीमपुर नगर पालिका वार्ड संख्या 14 (सी) से उदिता दास ने जीत दर्ज की है। उधर, हर चुनाव में बीजेपी के साथ चोली दामन का साथ निभाने वाले असम गण परिषद के खाते में दो सीटें आईं हैं।

इसके अलावा हैलाकांडी और मरियानी सीटों पर निर्दलीय चुनाव जीतने में सफल रहे हैं। ध्यान रहे कि असम में नगरपालिका की 80 सीटें हैं, जिसमें 928 वार्डों पर वोटिंग हुई थी। इस चुनाव में 2,532 उम्मीदवार मैदान में उतरे हुए थे। उधर, अगर वोटिंग की स्थिति की बात करें तो नगरपालिका चुनाव में 70 फीसद वोटिंग हुई है। इसके अलावा कोई भी हिंसक घटना न घटे इसके लिए सुरक्षा-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्ट्रांग रूम के बाहर भारी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया था। चुनाव संपन्न होने के बाद ईवीएम को सुरक्षित रखा गया था व इसके साथ किसी भी प्रकार की छेड़खानी न किए जाए। इसके लिए भारी संख्या में पुलिसबलों को तैनात किया गया था। उधर, असम नगर निकाय चुनाव में पहली मर्तबा ईवीएम से वोटिंग हई है, जिसमें भारी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया है।

 

उधर, पात्र मतदाताओं की संख्या 16,73,899 थी, जिसमें 8,41,534 महिलाएं और 17 ट्रांसजेंडर शामिल थे। खबरों के मुताबिक, सत्तारूढ़ भाजपा ने 825 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था, जबकि कम से कम 706 उम्मीदवारों ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था और असम गण परिषद ने 243 उम्मीदवारों को टिकट दिया था। वहीं, असम में बीजेपी के लिए अच्छी खबर उत्तर प्रदेश समेत अन्य चुनावी सूबों के आगामी नतीजों को ध्यान में रखते हुए पार्टी के कर्ताधर्ताओं के हौसलों को बलुंद करती हुई नजर आ रही है।

Exit mobile version