News Room Post

Gangster Chhota Rajan Gets Big Relief In Murder Case : गैंगस्टर छोटा राजन को हत्या से जुड़े मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट ने दी जमानत, उम्रकैद की सजा पर भी लगाई रोक

Gangster Chhota Rajan Gets Big Relief In Murder Case : 2001 में होटल व्यवसाई जया शेट्टी के मर्डर केस में मुंबई की विशेष मकोका अदालत ने इसी साल छोटा राजन को हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि छोटा राजन अभी तिहाड़ जेल से बाहर नहीं आ पाएगा। उस पर कई अन्य आपराधिक मामले अभी चल रहे हैं जिस कारण उसे जेल में ही रहना होगा।

नई दिल्ली। गैंगस्टर छोटा राजन को आज हत्या से जुड़े एक मामले में बड़ी राहत मिली है। 2001 में होटल व्यवसाई जया शेट्टी के मर्डर केस में बॉम्बे हाईकोर्ट ने छोटा राजन को जमानत देने के साथ ही उसकी उम्रकैद की सजा को भी निलंबित कर दिया है। मुंबई की विशेष मकोका अदालत ने इसी साल छोटा राजन को हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। बॉम्बे हाईकोर्ट की जस्टिस रेवती मोहिते डेरे और जस्टिस पृथ्वीराज चव्हाण की बेंच ने राजन को एक लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दी है और सजा को भी समाप्त कर दिया है। हालांकि छोटा राजन अभी जेल से बाहर नहीं आ पाएगा। उस पर कई अन्य आपराधिक मामले अभी चल रहे हैं जिस कारण उसे जेल में ही रहना होगा।

छोटा राजन फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल नंबर 2 में बंद है। जेल की यह हाई सिक्योरिटी सेल है। जया शेट्टी मध्य मुंबई के गामदेवी में स्थित गोल्डन क्राउन होटल की मालकिन थीं। छोटा राजन गिरोह की तरफ से उनको लगातार अवैध वसूली की धमकी मिल रही थी। इसके बाद उनको पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई। हालांकि बाद में जया शेट्टी के अनुरोध पर ही उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई। इसके कुछ ही दिन बाद साल 2001 में जया शेट्टी की उन्हीं के होटल गोल्डन क्राउन में छोटा राजन के गुर्गों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

23 साल तक केस चलने के बाद मुंबई की विशेष मकोका अदालत के जज एम. एम. पाटिल ने इसी साल राजन को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। राजन ने अपने वकील के माध्यम से सजा के फैसले को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। छोटा राजन को इंडोनेशिया में गिरफ्तार किया गया था और अक्टूबर 2015 में उसे भारत लाया गया था। कभी डॉन दाऊद इब्राहिम का खास छोटा राजन आज उसके सबसे बड़े दुश्मनों में शामिल है।

Exit mobile version