News Room Post

Chirag Paswan: पीएम मोदी को इस बात के लिए चिराग पासवान ने कहा ‘थैंक्‍यू’, लिखा- आपका…

Narendra Modi Chirag Paswan

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का 74 साल की उम्र में 8 अक्टूबर को निधन हो गया। रामविलास पासवान के निधन की खबर मिलते ही पीएम नरेंद्र मोदी भावुक हो उठे। उन्होंने संदेश में लिखा कि मैं शब्दों से परे दुखी हूं। हमारे राष्ट्र में एक शून्य है जो शायद कभी नहीं भरेगा। श्री रामविलास पासवान जी का निधन मेरे लिए एक व्यक्तिगत क्षति है। मैंने एक दोस्त, मूल्यवान सहयोगी को खो दिया। इसके अगले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री और LJP नेता रामविलास पासवान को उनके आवास पर पहुंचकर अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। रामविलास पासवान के निधन के अगले दिन शोक व्यक्त करने के लिए राष्ट्रपति भवन और संसद का झंडा आधा झुकाया गया। इसको लेकर गृह मंत्रालय ने कहा था कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर शोक स्वरूप शुक्रवार को दिल्ली समेत सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानी में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। उनके अंतिम संस्कार के दिन भी ध्वज झुका रहेगा।

इसके बाद रामविलास पासवान का दाह संस्कार पटना में गांगा के किनारे हुआ। इसके बाद चिराग पासवान ने पीएम मोदी को लेकर बड़ा ट्वीट किया है। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में लोजपा भाजपा से अलग होकर चुनाव लड़ रही है। लेकिन केंद्र में वह एनडीए सरकार का हिस्सा है। हालांकि राजनीतिक रूप से चिराग पासवान के इस ट्वीट के कई मायने निकाले जा रहे हैं। लेकिन चिराग पासवान ने पीएम मोदी को अपने पिता के अंतिम संस्कार में किए गए सहयोग के लिए लगातार दो ट्वीट किए हैं।

चिराग पासवान ने ट्वीट में लिखा है कि, ‘आदरणीय प्रधानमंत्री जी द्वारा पापा की अंतिम यात्रा में किए गए सहयोग के लिए हृदय से आभार। सर, आपने पापा की अंतिम यात्रा के लिए सभी व्यवस्था बिना मांगे की। बेटे के तौर पर मैं एक मुश्किल समय से गुजर रहा हूं। आपके साथ से हिम्मत और हौसला दोनों बढ़ा है।’


साथ ही दूसरे ट्वीट में चिराग ने लिखा, ‘ आपका आशीर्वाद व स्नेह हमेशा बना रहे।’


74 साल की उम्र में नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल का हिस्सा रहे केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का निधन हो गया था। बीते गुरुवार को दिल्ली में उन्होंने आखिरी सांस ली थी। शनिवार को दोपहर उनका अंतिम संस्कार पटना में गंगा नदी के किनारे किया था।


रामविलास पासावान का शव शुक्रवार शाम वायुसेना के विशेष विमान से पटना ले जाया गया था। पीएम मोदी ने रामविलास पासवान के अंतिम विदाई में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को केंद्र का प्रतिनिधि के तौर पर पासवान के शव के साथ पटना जाने को कहा था।

Exit mobile version