News Room Post

Madhya Pradesh: तालिबानी मीटिंग पर दिग्विजय के ट्वीट पर शिवराज सिंह का फूटा गुस्सा- कहा उनकी की सोच ही तालिबानी

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में है। दरअसल हाल ही में तालिबानी नेताओं से भारतीय अधिकारियों की मुलाकात के दावे को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। दिग्विजय सिंह ने एक न्यूज रिपोर्ट के आधार पर ट्वीट करते हुए लिखा, यह बहुत ही गंभीर विषय है। भारत सरकार को इस विषय पर तत्काल वक्तव्य देना चाहिए। क्या BJP IT Cell इसको संज्ञान में ले कर राष्ट्र द्रोह की श्रेणी में लेगा?

दिग्विजय पर सीएम शिवराज सिंह का पलटवार

वहीं दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट के बाद भाजपा उन पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस नेता के इस बयान पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) ने पलटवार किया है। शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय सिंह पर तंज कसते  हुए कहा कि उनकी की सोच ही तालिबानी है।

वहीं राज्य सरकार के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा दिग्विजय सिंह की मानसिकता सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने वाली है। वे हमेशा देश और समाज में सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाले मुद्दे ही खोजते हैं, उनका यह ट्वीट भी उस दिशा में संकेत देता है।

बता दें कि एक अंग्रेजी अखबार ने अपनी रिपोर्ट में भारतीय अधिकारियों के कतर की राजधानी दोहा में तालिबान नेताओं के साथ सीधे बातचीत करने का खुलासा किया है। समाचार पत्र की रिपोर्ट के मुताबिक, पहली बार इसकी पुष्टि हुई है कि भारत सीधे तालिबान से बात कर रहा है।

Exit mobile version