News Room Post

Uttar Pradesh: योगी सरकार का अनोखा रिकॉर्ड, 4 साल में मिला 4 लाख युवाओं को रोजगार

Yogi Adityanath

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर मुहैया कराने के लिए संकल्पबद्ध है। इसके लिए मिशन रोजगार के अन्तर्गत विभिन्न विभागों, संस्थाओं एवं निगमों आदि के समन्वित प्रयास से प्रदेश के नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा 4 वर्षों में 4 लाख नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसकी प्राप्ति के लिए निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं। राज्य सरकार की नीति है कि पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं भेदभाव रहित ढंग से विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया पूर्ण की जाए। प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं का चयन एवं पदस्थापन उनकी योग्यता और क्षमता के आधार पर किया जा रहा है, जिससे उनकी ऊर्जा और कौशल का प्रदेश के विकास के लिए पूरा उपयोग किया जा सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां अपने सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के नवचयनित 3,209 नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र वितरण, पदस्थापन एवं संवाद कार्यक्रम का शुभारम्भ करने के पश्चात अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पहली बार नलकूप चालकों की भर्ती में 516 महिलाओं का भी चयन हुआ है। सभी चयनित अभ्यर्थियों को एक माह का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गयी है। इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित नलकूप चालकों शोभित शुक्ला, सुजीत नारायण, अरुण कुमार, ख्याति शर्मा एवं कंचन निषाद को चयन एवं पदस्थापन का प्रमाण पत्र प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जनपदों के नवचयनित एवं पदस्थापित नलकूप चालकों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने संवाद के दौरान निष्पक्ष और पारदर्शी चयन और पदस्थापन के लिए सभी अभ्यर्थियों और उनके परिवारजनों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवचयनित अवर अभियन्ताओं से पूछा कि चयन व पदस्थापन प्रक्रिया के दौरान उन्हें किसी प्रकार के लेनदेन, सिफारिश अथवा भेदभाव का सामना तो नहीं करना पड़ा?


मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों के हितों के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में खेती से लेकर बाजार तक एक बेहतरीन व्यवस्था स्थापित की गयी है, जिससे किसानों को शोषण से मुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय से खाद, पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। उनकी जमीन का मृदा परीक्षण किया जा रहा है, जिससे मृदा के स्वास्थ्य की जानकारी किसानों को मिलती है। इसके अनुरूप वे अपनी खेती करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने एमएसपी के माध्यम से किसानों के हितों की रक्षा की है, जिससे आज किसान खुशहाल हैं। उन्होंने कहा कि 2 करोड़ 20 लाख किसानों को ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में उपलब्ध करायी गयी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने 4 लाख से अधिक लोगों को राजकीय सेवाओं में योजित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 15 लाख से अधिक लोगों को निजी क्षेत्र में तथा लगभग 1.5 करोड़ लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य वर्तमान राज्य सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 1.37 लाख पुलिस भर्ती, लगभग 1 लाख सहायक अध्यापकों की भर्ती की गयी है। इसके साथ ही अन्य सभी विभागों में भी भर्ती प्रक्रिया की जाएगी।

Exit mobile version