News Room Post

Cold Wave And Fog: पहाड़ों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड और कोहरा जारी, जानिए मौसम विभाग का ताजा अनुमान

Cold Wave And Fog: इस बार ठंड काफी देर से आई। दिसंबर 2023 की 27 तारीख से ठंड बढ़नी शुरू हुई थी। इससे पहले काफी कम ठंड थी और लग रहा था कि इस बार ज्यादा सर्दी नहीं होगी, लेकिन अब कड़ाके की ठंड को 20 दिन से भी ज्यादा का वक्त हो चुका है। ऐसे में लोगों की दिनचर्या पर गहरा असर पड़ रहा है।

severe cold in delhi

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में ताजा बर्फबारी के कारण देश के मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरा अभी जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग यानी आईएमडी के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार, राजस्थान और मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में और 4 दिन तक घना कोहरा रहने का अनुमान है। दिल्ली में भी कोहरा रहेगा। आईएमडी के मुताबिक उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार और झारंखंड में शीतलहर की हालत बनी हुई है। फरवरी आने पर इन मैदानी राज्यों में ठंड का प्रकोप कुछ कम होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि आंध्र प्रदेश और ओडिशा में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, अंडमान और निकोबार में भी कुछ बारिश की संभावना है।

मैदानी इलाकों में ठंड के कारण कंपाने वाली स्थितियां बनी हैं। कोहरा छाए होने की वजह से ठंड और परेशान कर रही है। तमाम जगहों पर लोगों को अलाव तापते हुए देखा जा रहा है। कोहरा होने के कारण आवागमन में भी बाधा हो रही है। घने कोहरे से सड़क यातायात के साथ ही रेल और हवाई यातायात पर भी गहरा असर पिछले काफी दिन से पड़ रहा है। तमाम ट्रेनें देरी से चल रही हैं। विमान सेवाओं में भी देरी की खबरें आ रही हैं। तमाम लोग कह रहे हैं कि इस बार ठंड ज्यादा पड़ी है। हालांकि, मौसम विभाग यानी आईएमडी ने अब तक लोगों की इस बात की पुष्टि नहीं की है।

इस बार ठंड काफी देर से आई। दिसंबर 2023 की 27 तारीख से ठंड बढ़नी शुरू हुई थी। इससे पहले काफी कम ठंड थी और लग रहा था कि इस बार ज्यादा सर्दी नहीं होगी, लेकिन अब कड़ाके की ठंड को 20 दिन से भी ज्यादा का वक्त हो चुका है। ऐसे में लोगों की दिनचर्या पर गहरा असर पड़ रहा है। ठंड की वजह से बच्चों के स्कूल भी बंद हैं। माना ये जा रहा है कि मैदानी इलाकों से ठंड का असर फरवरी के दूसरे हफ्ते तक ही कम हो सकता है। ऐसे में तब तक ठंड का सितम झेलने के अलावा लोगों के पास फिलहाल और कोई रास्ता नहीं बचा है।

Exit mobile version