नई दिल्ली। कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम एक टीवी डिबेट में हिस्सा लेने के बाद उन्हें हार्ट अटैक आया। राजीव त्यागी की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उन्हें गंभीर हालत में गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक राजीव त्यागी की तबीयत आज दिन भर ठीक थी। शाम को उन्हें एक टीवी डिबेट में शामिल होना था। खुद ट्वीट करके उन्होंने इसकी जानकारी भी थी। राजीव त्यागी के निधन पर नेताओं ने दुख जताया है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, ”राजीव त्यागी के आकस्मिक निधन से हमें गहरा दुख हुआ। एक कट्टर कांग्रेसी और एक सच्चे देशभक्त थे।”
We are deeply saddened by the sudden demise of Shri Rajiv Tyagi. A staunch Congressman & a true patriot. Our thoughts and prayers are with his families & friends in this time of grief. pic.twitter.com/yHKSlzPwbX
— Congress (@INCIndia) August 12, 2020
कांग्रेस का बब्बर शेर चला गया: राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि ‘कांग्रेस ने आज अपना एक बब्बर शेर खो दिया।’ उन्होंने लिखा कि ‘राजीव त्यागी के कांग्रेस प्रेम व संघर्ष की प्रेरणा हमेशा याद रहेंगे।’
प्रियंका गांधी ने जताया दुख
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी राजीव त्यागी के निधन पर दुख जताया है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव त्यागी की असामयिक मृत्यु मेरे लिए एक व्यक्तिगत दुःख है। हम सबके लिए अपूर्णीय क्षति है। राजीव जी विचारधारा समर्पित योद्धा थे। समस्त यूपी कांग्रेस की ओर से परिजनों को हृदय से संवेदना। ईश्वर उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति दें।
टीवी डिबेट्स में राजीव त्यागी के साथ नजर आने वाले भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। संबित पात्रा ने ट्विटर पर लिखा, ‘विश्वास नहीं हो रहा है कि कांग्रेस के प्रवक्ता मेरे मित्र राजीव त्यागी हमारे साथ नहीं हैं। जीवन बहुत अनिश्चित है… अभी भी शब्द नहीं मिल रहे हैं।’
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने ट्वीट किया, “कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी जी के आकस्मिक निधन का दुखद समाचार अविश्वसनीय लगता है, परमात्मा उनके परिवार, मित्रों को इस दुख को सहने की शक्ति दे।”