News Room Post

Himachal CM Race : आज शाम 5 बजे होगी हिमाचल में कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग, मुख्यमंत्री के नाम पर लग सकती है मुहर

Himachal CM Race : तेरहवीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सबसे आगे चल रहे हैं। आपको बता दें कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शाम चार बजे मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होने पर सोमवार 12 दिसंबर तक शपथ ग्रहण समारोह भी कराया जा सकता है। शपथ ग्रहण समारोह राजधानी शिमला के रिज मैदान पर किया जाना प्रस्तावित है।

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आते ही कांग्रेस में उठापटक देखने को मिल रही है। प्रदेश में पार्टी को बहुमत मिलने के बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर सियासी खींचतान मच गई है। शुक्रवार को हुई विधायक दल की बैठक में आलाकमान को मुख्यमंत्री चुनने के लिए अधिकृत किया गया। अब आज शाम पांच बजे एक बार फिर शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम का एलान हो सकता है और अगले दो दिनों में शपथ ग्रहण भी कराया जा सकता है। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और तेरहवीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सबसे आगे चल रहे हैं।

आपको बता दें कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शाम चार बजे मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होने पर सोमवार 12 दिसंबर तक शपथ ग्रहण समारोह भी कराया जा सकता है। शपथ ग्रहण समारोह राजधानी शिमला के रिज मैदान पर किया जाना प्रस्तावित है। अधिकारियों ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। प्रशासनिक स्तर पर लगभग सभी तैयारियां पूरी हैं। केवल मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगने की प्रतीक्षा की जा रही है।

राजस्थान की तरह हिमाचल में भी डिप्टी CM के फॉर्मूला पर हो रहा विचार

गौरतलब है कि भारी मत प्राप्त होने के बाद हिमाचल प्रदेश में पार्टी के भीतर सियासी घमासान मचा हुआ है। वहीं खबरों के अनुसार मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर फंसते पेंच पर डिप्टी सीएम के फार्मूला पर भी विचार किया जा रहा है। अगर मुख्यमंत्री के नाम घोषित होने के बाद भी सहमति नहीं बनती है, तो डिप्टी सीएम का पद भी कद्दावर नेता को दिया जा सकता है। इसके लिए शिमला ग्रामीण से विधायक और प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह का नाम आगे चल रहा है। मौजूदा वक्त में हिमाचल प्रदेश के अलावा राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। वहीं राजस्थान में भी कांग्रेस उपमुख्यमंत्री पद का इस्तेमाल सामंजस्य स्थापित करने के लिए कर रही है।

Exit mobile version