News Room Post

Congress vs BJP: अब ‘टूलकिट’ जारी करने से बौखलाई कांग्रेस, जेपी नड्डा और संबित पात्रा पर FIR की तैयारी

नई दिल्ली। एक तरफ जहां देश में इस वक्त कोरोना महामारी के कहर से जूझ रहा है। वहीं इस संकट की घड़ी में सियासी दलों के बीच जुबानी जंग भी तेज है। मंगलवार को भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा (Sambit Patra) ने कांग्रेस पर कई आरोप लगाए हैं। संबित पात्रा ने कांग्रेस पर एक टूलकिट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और सरकार की छवि को खराब करने का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा के इन आरोपों पर कांग्रेस (Congress) की प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस नेता राजीव गौड़ा ने इन आरोपों को झूठा करार दिया और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और संबित पात्रा पर एफआईआर कराने की बात कही।

राजीव गौड़ा ने ट्वीट कर लिखा, भाजपा कोविड के मिस-मैनेजमेंट को लेकर टूलकिट का फर्जी प्रोपगेंडा चला रही है और आरोप कांग्रेस पर लगा रही है। हम भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा और संबित पात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा रहे हैं। जब देश कोरोना संकट से जूझ रहा है, तब ये लोगों की मदद करने के बजाय इस तरह झूठ फैला रहे हैं।

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मीडिया संबोधित करते हुए कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया। दरअसल पात्रा ने कहा  कि कांग्रेस पार्टी ने हाल के दिनों में कोरोना को लेकर एक टूलकिट के जरिए पीएम मोदी और देश को बदनाम करने की साजिश की है। उस टूल किट के दस्तावेज भारतीय जनता पार्टी के पास उपलब्ध हैं। साथ ही पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आपदा में राजनीति कर रही है।

संबित पात्रा ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से और कई मीडिया चैनल जिसे चला रहे हैं एक डॉक्यूमेंट मिला है। सोशल मीडिया में कांग्रेस का एक टूलकिट चल रहा है कि महामारी में भी किस तरह राजनीति करनी है और भ्रम की स्थिति उत्पन्न करके कांग्रेस अपने राजनीतिक मंसूबे को मजबूत करना चाहती है।

Exit mobile version