News Room Post

UP : बागपत में दुष्कर्म पीड़िता के अपहरण मामले में अपने ‘Fake ट्वीट’ पर फंसी कांग्रेस, BJP ने पुलिस का बयान शेयर कर खोली पोल!

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बागपत में मंगलवार को एक दुष्कर्म पीड़िता के अपहरण की खबर चर्चा में रही। खबर में कहा गया कि पीड़िता को पुलिस सुरक्षा से अपहरण कर लिया गया। यूपी कांग्रेस ने इस खबर को लेकर अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट में योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाया। कांग्रेस की तरफ से 7 सितंबर को दोपहर में लिखा गया कि, “अभी कुछ देर पहले ही बागपत में दुष्कर्म पीड़िता पुलिस के साथ मेडिकल के लिए जा रही थी, कार से आये बदमाशों ने पुलिस सुरक्षा से बेटी का अपहरण कर लिया। टीवी पर बैठकर झूठ बोलने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शर्म आनी चाहिए। वहीं जब इस घटना को लेकर बागपत पुलिस की बाइट सामने आई तो यूपी भाजपा ने कांग्रेस को ट्वीट फेक बता दिया। दरअसल जो खबर वायरल हुई उसमें कहा जा रहा था कि दुष्कर्म पीड़िता को महिला कांस्टेबल ई रिक्शा में लेकर मेडिकल के लिए लेकर जा रही थी। लेकिन तभी उसका अपहरण कर लिया गया।

वहीं इस खबर पर पुलिस अधीक्षक बागपत द्वारा सफाई दी गई कि, महिला अपनी मर्जी से अपने चचेरे देवर के साथ गई, जिसकी पुष्टि उसके पति ने भी की है। ऐसे में ये अपहरण का मामला नहीं है। पुलिस अधीक्षक बागपत ने कहा कि, सोशल मीडिया पर एक महिला के अपहरण का मैसेज वायरल हो रहा है। इस संबंध में अवगत कराना है कि, इस महिला ने एक थाने में दुष्कर्म का एक मुकदमा अपने ही परिवार के एक सदस्य के खिलाफ लिखवाया था। महिला का मेडिकल होना था। मेडिकल के पहले ही महिला अपनी मर्जी से अपने देवर के साथ कहीं चली गई।

पुलिस अधीक्षक ने आगे कहा कि, इसकी सूचना मिलने पर तत्काल चेकिंग कराई, महिला मिल गई है। महिला ने पूछताछ में बताया है कि, वो अपनी मर्जी से अपने चचेरे देवर के साथ चली गई थी। इसकी पुष्टि भी उसके पति ने की है।

इस पुष्टि के बाद भाजपा कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। बता दें कि कांग्रेस के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए भाजपा ने लिखा- “फेक न्यूज अलर्ट।” गलत खबर फैलाने को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने भी अपना गुस्सा कांग्रेस पर निकाला है।

Exit mobile version