News Room Post

BJP-LJP : बिहार में भाजपा और चिराग पासवान के बीच बनी सहमति, पशुपति पारस को लेकर लगाए जा रहे कयास

BJP-LJP : चिराग पासवान को हाजीपुर समेत 5 सीटें देने पर सहमति बनी है। चिराग पासवान भावनात्मक आधार पर अपने पिता रामविलास पासवान की पारंपरिक सीट हाजीपुर से इस बार चुनाव लड़ना चाह रहे थे। सीटों की संख्या पर रार से ज्यादा इस बात पर चिराग और उनके चाचा पशुपति पारस में विवाद था।

नई दिल्ली। बिहार में लोकसभा चुनाव पर सीट बंटवारे को लेकर एनडीए में चिराग पासवान के साथ बात बन गई है। लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने खुद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ फोटो शेयर करते हुए जानकारी दी। चिराग ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि एनडीए के सदस्य के रूप में आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक में हमने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए बिहार में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है। उचित समय आने पर इसकी सूचना दे दी जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक चिराग पासवान को हाजीपुर समेत 5 सीटें देने पर सहमति बनी है। चिराग पासवान भावनात्मक आधार पर अपने पिता रामविलास पासवान की पारंपरिक सीट हाजीपुर से इस बार चुनाव लड़ना चाह रहे थे। सीटों की संख्या पर रार से ज्यादा इस बात पर चिराग और उनके चाचा पशुपति पारस में विवाद था। सूत्रों के अनुसार चिराग पासवान को हाजीपुर देकर संतुष्ट किया गया है। ऐसे में पशुपति पारस को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। खबर है कि पशुपति कुमार पारस अपने गृह जिला खगड़िया की सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। खबर ये भी है कि बीजेपी ने पशुपति पारस को राज्यपाल बनाने का ऑफर दिया है हालांकि इसमें कितनी सच्चाई है ये तो वक्त ही बताएगा। इसके साथ ही भाजपा ने पशुपति पारस के खेमे के नेता समस्तीपुर सांसद प्रिंस राज को बिहार सरकार में मंत्री बनाने का ऑफर दिया है। प्रिंस राज चिराग पासवान के चचेरे भाई हैं। पिता रामचंद्र पासवान की मृत्यु के बाद प्रिंस राज समस्तीपुर से उपचुनाव जीतकर सांसद बने थे, लेकिन साल 2021 में लोक जनशक्ति पार्टी दो धड़ों में बंट गई और प्रिंस राज पशुपति पारस के खेमे में चले गए थे। इससे पहले बिहार भाजपा के बड़े नेता मंगल पांडेय ने चिराग के चाचा और लोजपा के दूसरे धड़े के नेता पशुपति पारस से उनके निवास जाकर मुलाकात की। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है।

Exit mobile version