News Room Post

Punjab: नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार का विवादित बयान, कश्मीर को बताया अलग देश

चंडीगढ़। कांग्रेस में भी अजब-गजब नेताओं की कमी नहीं है। ताजा मामला पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार मालविंदर सिंह माली का है। माली ने अपने फेसबुक अकाउंट पर विवादित टिप्पणी की है। मालविंदर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा, ‘कश्मीर, कश्मीर के लोगों का देश है। 1947 में इंडिया छोड़ते समय समझौते के अनुसार और यूएनओ के फैसले का उल्लंघन करते हुए कश्मीर देश के दो टुकड़े कर दिए गए। जिस पर पाकिस्तान और भारत ने कब्जा किया हुआ है।’

अपने इस पोस्ट में उन्होंने तिरंगे की रोशनी में नहाए श्रीनगर के लाल चौक की फोटो भी लगाई है। बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू भी कुछ इसी तरह विवादों में घिरे थे। इमरान खान जब पाकिस्तान के पीएम पद की शपथ ले रहे थे, तो सिद्धू को भी उन्होंने न्योता दिया था। इस्लामाबाद गए सिद्धू वहां इमरान के शपथ लेने से पहले पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल बाजवा से गले मिले थे। इसके बाद मीडिया से बातचीत में सिद्धू ने भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते सुधारने के लिए इमरान खान से बातचीत करने के बारे में भी कहा था।

जनरल बाजवा से गले मिलने का वीडियो सामने आने के बाद सिद्धू के खिलाफ जमकर बयानबाजी हुई थी। सोशल मीडिया में भी लोगों ने उन्हें जमकर फटकारा था। बावजूद इसके सिद्धू अपने कदम पर टिके रहे और माफी मांगने से इनकार कर दिया था। इमरान के शपथ ग्रहण में जाने के लिए जब उन्हें केंद्र सरकार वीजा नहीं दे रही थी, तो सिद्धू ने ये भी कहा था कि वह हर हाल में पाकिस्तान जाएंगे।

Exit mobile version