News Room Post

Covid: मुंबई में कोरोना महामारी ने फिर उठाया सिर, बुधवार को 739 मरीज मिलने से हड़कंप

covid test

मुंबई। कई महीनों की शांति के बाद महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक बार फिर कोराना वायरस अपना सिर उठा रहा है। मुंबई में कोरोना के बुधवार को 739 नए मरीज मिले। जबकि, 25 मई को कोरोना के करीब 250 मरीज मिले थे। इसके बाद हड़कंप मचा और बृहन्नमुंबई महानगर पालिका BMC ने अपने स्वास्थ्य स्टाफ को सतर्क कर दिया है। महाराष्ट्र के कुल मामले देखें, तो बुधवार को 1081 नए मरीज मिले हैं। कोरोना मरीजों की लगातार बढ़ती तादाद से मुंबई में पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 8.4 हो गया है। एक दिन पहले ये दर 6 फीसदी थी। कोरोना का पॉजिटिविटी रेट 5 फीसदी से ऊपर जाना खतरनाक माना जाता है।

कोरोना के पहले और दूसरे दौर में मुंबई की झुग्गी बस्ती धारावी में कम मरीज मिले थे। इस बार यहां भी लगातार मरीज मिल रहे हैं। बुधवार को धारावी में 10 नए मरीज मिले। यहां एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 37 हो गई है। इस बस्ती में मई के पहले दो हफ्तों में एक भी कोरोना मरीज नहीं मिला था। धारावी में अब तक कोरोना के कुल मरीजों की संख्या भी 8000 को पार कर गई है। इनमें से 8252 लोग ठीक हो चुके हैं और 419 को वायरस ने मौत के मुंह में पहुंचा दिया है।

खास बात ये है कि देश में कोरोना वायरस के हर दौर की शुरुआत मुंबई से ही हुई है। इस बार भी यहां मरीजों की तादाद बढ़ रही है। इसकी वजह से चौकसी बहुत जरूरी है। केंद्र सरकार मुंबई और महाराष्ट्र पर नजरें गड़ाए हुए है, ताकि इस महामारी का प्रसार हर हाल में रोका जा सके। उधर, यूपी की राजधानी लखनऊ से खबर है कि बुधवार को यहां 32 नए मरीज मिले हैं। इसकी वजह से स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड में है। हर मरीज के 50 कॉन्टैक्ट की जांच सख्ती से की जा रही है।

Exit mobile version