News Room Post

Delhi: दिल्ली को मिलेगी नई महिला मुख्यमंत्री, 21 सितंबर को आतिशी लेंगी शपथ, एलजी ने सरकार बनाने का दिया न्योता

नई दिल्ली। दिल्ली में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, क्योंकि आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी 21 सितंबर को दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने मंगलवार को आतिशी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। इस शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनेंगी और यह पहली बार होगा जब आम आदमी पार्टी की कोई महिला नेता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। इसके साथ ही, कुछ विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।

मंगलवार को किया सरकार बनाने का दावा

मंगलवार को आतिशी ने उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इस दावे के बाद उपराज्यपाल ने उन्हें सरकार गठन के लिए बुलावा भेजा। सूत्रों के अनुसार, अरविंद केजरीवाल की पूर्व कैबिनेट के मंत्रियों को फिर से मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। साथ ही, दो नए विधायकों को भी कैबिनेट में शामिल किया जाएगा, जिनमें से एक दलित समुदाय से होगा।


ये नेता बन सकते हैं मंत्री

सूत्रों के अनुसार, गोपाल राय, इमरान हुसैन, कैलाश गहलोत और सौरभ भारद्वाज को फिर से कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की संभावना है। हालांकि, आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। दिल्ली की कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत सात मंत्री हो सकते हैं।

अरविंद केजरीवाल ने दिया इस्तीफा

इससे पहले मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल से मिलकर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने से पहले आम आदमी पार्टी विधायक दल की बैठक में आतिशी के नाम को मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया गया था। इस प्रस्ताव पर सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से मुहर लगाई, जिसके बाद आतिशी का नाम मुख्यमंत्री के तौर पर फाइनल हुआ।

Exit mobile version