News Room Post

Congress President Election: राजस्थान में मचे रण के बीच कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव में उतरने का दिग्विजय सिंह ने भी दिया संकेत, बोले- 30 तक सब साफ हो जाएगा

digvijay singh

नई दिल्ली। हां, न और फिर हां। ये शब्द कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह से जुड़े हैं। पहले दिग्विजय सिंह ने कहा था कि वो कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं। फिर बीच में उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। अब वो फिर संकेतों में अध्यक्ष पद के चुनावी समर में उतरने की बात कहते दिख रहे हैं। टीवी चैनल ‘आजतक’ से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनके कई समर्थक कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर तक इंतजार कीजिए, सबकुछ साफ हो जाएगा। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 30 सितंबर तक ही परचा दाखिल किया जा सकता है।

दिग्विजय ने पहले भी जब कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का संकेत दिया था, तो कहा था कि आप मेरा नाम खारिज क्यों कर रहे हैं? बहरहाल, चुनाव लड़ने के संकेत के साथ ही दिग्विजय ने अपने पुराने अंदाज में बीजेपी पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी को कांग्रेस के बारे में फिक्र नहीं करनी चाहिए। उसे देश के बारे में सोचना चाहिए। दिग्विजय ने कहा कि बीजेपी लगातार विपक्ष की आलोचना करती है, लेकिन इससे मुद्दों का हल निकलने वाला नहीं है।

एक जमाने में राहुल गांधी के राजनीतिक गुरु माने जाने वाले दिग्विजय सिंह अभी राज्यसभा के सांसद हैं। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव लड़ने का संकेत उन्होंने अब फिर दिया है, जब राजस्थान कांग्रेस में सियासी उठापटक मची हुई है। इस उठापटक की वजह से वहां के सीएम अशोक गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस से बाहर हो जाने की चर्चा है। हालांकि, दिग्विजय अगर चुनाव लड़ते हैं, तो उनको शशि थरूर का मुकाबला करना होगा। वहीं, खबर ये भी है कि मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल और मुकुल वासनिक भी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं।

Exit mobile version