News Room Post

Azamgarh By Election Result: निरहुआ ने उखाड़ दिया आजमगढ़ में यादव परिवार का तंबू, धर्मेंद्र यादव को मिली शिकस्त

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में 23 जून को लोकसभा की 2 सीट पर हुए उपचुनाव के लिए आज मतगणना हुई है और नतीजे सामने आ चुके है। जिससे तस्वीर साफ हो चुकी है। लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को जोरदार झटका लगा है। यूपी की रामपुर सीट से भाजपा के उम्मीदवार घनश्याम लोधी ने सपा के प्रत्याशी आसिम राजा को मात देकर कमल खिलाया है। वहीं, आजमगढ़ से भी सपा के लिए बुरी खबर आ रही है। यहां दिनेश लाल यादव (निरहुआ) ने जीत दर्ज कर ली हैं। हैरान करने वाली बात ये है कि दोनों ही सीटें समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाती रही है। लेकिन इस बार भाजपा ने सपा के गढ़ में अपना जीत का झंडा लहरा दिया है। आपको बता दें कि आजमगढ़ से अखिलेश यादव और रामपुर से आजम खां के लोकसभा सीट से इस्तीफा देने के बाद दोनों सीटें खाली हो गई थी।

दिनेश लाल यादव ने सपा के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव को 8, 679 वोटों से हरा कर यह सीट जीत ली है। जहां भाजपा के निरहुआ को 3,12, 768 वोट मिले, वहीं सपा के धर्मेंद्र यादव को 3,04,089 वोट प्राप्त हुए। जबकि बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी शाह आलम तीसरे स्थान पर रहे।उन्हें 2,66,210 वोट मिले। इसके साथ ही आजमगढ़ लोकसभा सीट में यादव परिवार का किला भी ढह गया है। यहां से 2019 लोकसभा चुनाव में सपा प्रमुख ने चुनाव लड़ा था और जीत भी हासिल की। मगर 2022 में विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। वहीं जीत को लेकर दिनेश लाल यादव ने ट्वीट कर आजमगढ़ की जनता का आभार जताया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ”जनता की जीत! आजमगढ़वासियों आपने कमाल कर दिया है। यह आपकी जीत है। उपचुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही जिस तरीके से आप सबने भाजपा को प्यार, समर्थन और आशीर्वाद दिया, यह उसकी जीत है। यह जीत आपके भरोसे और देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत को समर्पित है।”

उधर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत पर खुशी जताई। सीएम योगी ने ट्वीट कर लिखा, ”आजमगढ़ सदर लोक सभा सीट पर उप चुनाव में मिली ऐतिहासिक विजय आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में ‘डबल इंजन की भाजपा सरकार’ की लोक-कल्याणकारी नीतियों का सुफल है। आभार आजमगढ़ वासियो!”

Exit mobile version