News Room Post

Severe Cold And Fog: मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड और छाया घना कोहरा, ट्रेन और फ्लाइट्स के आवागमन पर बड़ा असर

delhi fog2

नई दिल्ली। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। ठंड के कारण कोहरा भी बहुत हो रहा है। दिल्ली और एनसीआर के अलावा आसपास के इलाकों में काफी कोहरा है। पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी के अलावा पूर्वी यूपी में गुरुवार को भी कोहरे की घनी चादर देखी गई। राजधानी दिल्ली में ही विजिबिलिटी शून्य से लेकर 50 मीटर तक रही। इसकी वजह से ट्रेनों और विमान यातायात पर गहरा असर पड़ा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 134 उड़ानों पर कोहरे का असर पड़ा है। जबकि, दिल्ली और आसपास के इलाकों में कोहरे के कारण 22 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

कोहरा घना होने के कारण दिल्ली में बुधवार सुबह तक 30 फ्लाइट्स पर असर पड़ा था। पालम एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 50 मीटर होने के कारण विमानों के उड़ान भरने में देरी हुई थी। दोपहर को थोड़ा कोहरा छंटा था और तब विमानों की आवाजाही सुचारू हो सकी थी। इसके अलावा 50 ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ था। इनमें राजधानी और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी थीं। आज काफी ठंड है और हवा के कारण गलन का अहसास हो रहा है। लोगों को इस ठंड और कोहरे की वजह से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत की उम्मीद न ही करें तो ठीक है।

घना कोहरा होने के कारण पंजाब और आसपास के इलाकों में बुधवार को सूरज के दर्शन नहीं हुए थे। आज भी हालात ऐसे ही रहने के आसार हैं। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी अभी जारी रहने की उम्मीद है। इससे टूरिस्ट भले ही खुश हों, लेकिन आम लोगों के लिए दुश्वारियां बढ़ गई हैं। ट्रेनों और विमानों के आवागमन में दिक्कतों की वजह से देश के अलग अलग हिस्सों और विदेश जाने वालों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई विदेश यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट भी होती हैं। जिनके छूट जाने की आशंका रहती है। उधर, यूपी सरकार ने आदेश दिया है कि कोहरा होने पर बसों को रोका जाए। आदेश है कि अगर कोहरा छाया है, तो बसों को रास्ते में ही ढाबों वगैरा पर रोका जाएगा और हालात सुधरने पर ही उनको आगे रवाना किया जाएगा।

Exit mobile version