News Room Post

BJP के इस दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन से PM मोदी हुए दुखी, छाई शोक की लहर

PM Narendra Modi Sad

नई दिल्ली। देशभर में कोरोनावायरस (Coronavirus) की दूसरी लहर ने कोहराम मचाया हुआ है। इस दूसरी लहर में कई दिग्गज नेताओं ने अपनी जान गंवाई है। इसी कड़ी में मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और जम्मू-कश्मीर भाजपा के वरिष्ठ नेता चमन लाल गुप्ता (Chaman Lal Gupta) का निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। जम्मू में स्थित अपने घर में उन्होंने आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय पहले कोरोना वायरस जैसी घातक बीमारी से उबरे थे। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता चमन लाल गुप्ता के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शोक जताया है।

पीएम मोदी ने मंगलवार को खेद जताते हुए ट्वीट कर लिखा, चमन लाल गुप्ता जी को कई सामुदायिक सेवा प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। वह एक समर्पित विधायक थे और उन्होंने जम्मू-कश्मीर में भाजपा को मजबूत किया। उनके निधन से आहत हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।

जानिए कौन थे चमन लाल गुप्ता

गुप्ता का जम्मू में 13 अप्रैल, 1934 को जन्म हुआ था। भाजपा नेता चमन लाल गुप्ता 13 अक्टूबर, 1999 और 1 सितंबर, 2001 के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री रह चुके थे। इसके अलावा, 1 सितंबर, 2001 से 30 जून, 2002 तक उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय, केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय का कार्यभार संभाला था। 1 जुलाई, 2002 से 2004 तक वो रक्षा राज्य मंत्री बनाए गए थे।

1972 में पहली बार जम्मू-कश्मीर विधान सभा के सदस्य बनने के बाद गुप्ता का पांच दशकों में एक शानदार राजनीतिक जीवन रहा। वह 2008 और 2014 के बीच फिर से विधान सभा के सदस्य थे। भाजपा नेता 1996 में जम्मू के उधमपुर निर्वाचन क्षेत्र से 11वीं लोकसभा के लिए चुने गए और 1998 और 1999 में 12वीं और 13वीं लोकसभा के लिए फिर से चुने गए।

Exit mobile version