नई दिल्ली। अपने अपराधों से लोगों की रूह कंपा देने वाले कुख्यात क्रिमिनल चार्ल्स शोभराज को नेपाल की जेल से रिहा कर दिया गया है। यहां उसे काठमांडू में 19 साल तक जेल में रहने के बाद शीर्ष अदालत के आदेश पर शुक्रवार को नेपाल के एक कारागार से रिहा कर दिया गया। भारतीय और वियतनामी माता-पिता के फ्रांसीसी मूल के बेटे शोभराज की रिहाई के संबंध में कागजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसे आव्रजन अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। न्यायमूर्ति सपना प्रधान मल्ला और न्यायमूर्ति तिलक प्रसाद श्रेष्ठ की संयुक्त पीठ ने बुधवार को 78 वर्षीय शोभराज की जेल से रिहाई का आदेश दिया था। उसकी रिहाई में एक दिन की लेट-लतीफी हुई है।
चार्ल्स शोभराज का आपराधिक जीवन बेहद संगीन जुर्मों की कहानी बयां करता है। ऐसा अपराधी जिसका नाम सुनकर लोग घबरा उठें। उसे 2014 में कनाडाई पर्यटक लॉरेंट कैरियर की हत्या का दोषी ठहराया गया और दूसरी उम्रकैद की सजा सुनाई गयी। नेपाल में उम्रकैद की सजा का मतलब 20 साल का कारावास है। शोभराज ने एक याचिका दाखिल कर दावा किया था कि उसे जरूरत से अधिक समय तक जेल में रखा गया है। इसके बाद शीर्ष अदालत की खंडपीठ ने आदेश सुनाया। जेल में 75 प्रतिशत सजा पूरी कर चुके और इस दौरान अच्छा चरित्र दर्शाने वाले कैदियों को आजाद करने का कानूनी प्रावधान है।