News Room Post

Punjab : पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस्तीफा देने के बाद राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों का जताया आभार, कहा- लोगों की सेवा करते रहें…

नई दिल्ली। शनिवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब के सीएम पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद से पंजाब कांग्रेस में सियासी भूचाल आ गया। कैप्टन के इस्तीफे के बाद पंजाब का अगला मुख्यमंत्री चरणजीत सिंंह चन्नी को बनाया गया। इस बीच कैप्टन ने आज सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार प्रकट किया। जिसमें उन्होंने उनसे ऐसे ही लोगों की सेवा करने का आग्रह भी किया है।

अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों को धन्यवाद कहा है। उन्होंने लिखा- ”मुख्यमंत्री के रूप में अपने कर्तव्यों को त्यागने की पूर्व संध्या पर, मैं राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मेरी सरकार के 4.5 वर्षों में पंजाब को शांति और प्रगति के पथ पर लाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। आप इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ राज्य के लोगों की सेवा करते रहें।”

आपको बता दें कि चरणजीत सिंंह चन्नी पंजाब के नए मुख्यमंत्री होंगे। इसकी जानकारी पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने ट्विटर के जरिए दी। चंडीगढ़ में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में चरणजीत सिंह को नेता चुन लिया गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने ट्वीट करके बताया है कि “कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के नए मुख्यमंत्री होंगे।” चरणजीत सिंंह सूबे के पहले दलित सिख मुख्यमंत्री होंगे।

Exit mobile version