News Room Post

Bangladesh Citizen Arrested In Mumbai: मुंबई में 4 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, राष्ट्रगीत नहीं सुना सके; एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक को मिली सूचना पर पुलिस ने पकड़ा

Bangladesh Citizen Arrested In Mumbai: दिल्ली की तरह महाराष्ट्र में भी अवैध तौर से भारत में घुसे बांग्लादेशियों की पहचान और गिरफ्तारी की जा रही है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में क्राइम ब्रांच यूनिट ने 4 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान नूर इस्लाम मकबूल, मोहम्मद टैटू सोफीउद्दीन हुसैन, फैसल बिकु मुल्ला शेख और पॉपी टीटू हुसैन के तौर पर की गई है।

ARREST 12

मुंबई। दिल्ली की तरह महाराष्ट्र में भी अवैध तौर से भारत में घुसे बांग्लादेशियों की पहचान और गिरफ्तारी की जा रही है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में क्राइम ब्रांच यूनिट ने 4 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। न्यूज चैनल इंडिया टीवी की खबर के मुताबिक इनकी पहचान नूर इस्लाम मकबूल, मोहम्मद टैटू सोफीउद्दीन हुसैन, फैसल बिकु मुल्ला शेख और पॉपी टीटू हुसैन के तौर पर की गई है। पॉपी टीटू हुसैन महिला है। मुंबई की जुहू पुलिस ने सभी को गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक को सूत्रों से पता चला था कि जुहू इलाके में कुछ बांग्लादेशी नागरिक आ रहे हैं। इस पर क्राइम ब्रांच ने इनको गिरफ्तार करने की तैयारी की।

मुंबई पुलिस के अनुसार जुहू इलाके में क्राइम ब्रांच ने उपरोक्त चारों बांग्लादेशी नागरिकों को रोका। पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू की। इस पर सभी ने दावा किया कि वे भारतीय नागरिक हैं। इस पर पुलिस ने सभी से कहा कि वे भारत का राष्ट्रगीत गाएं। इस पर सभी बांग्लादेशी नागरिक फंस गए। चारों ही भारत का राष्ट्रगीत नहीं गा सके। इसके बाद पुलिस ने सभी से कहा कि वे अपने भारतीय नागरिक होने का पहचान पत्र दिखाएं। पहचान पत्र दिखाने में भी चारों बांग्लादेशी नागरिक विफल रहे। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया और सभी को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी को एफआरआरओ के जरिए बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा।

महाराष्ट्र में पुलिस ने दिसंबर 2024 से 5 जनवरी तक 44 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अवैध रूप से भारत आने के मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने 19 केस दर्ज किए हैं। महाराष्ट्र में महायुति की सरकार बनने के बाद से बांग्लादेश के अवैध घुसपैठियों के खिलाफ एक्शन तेज हुआ है। मुंबई में भी पहले कई बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार किए जा चुके हैं। ठाणे और अन्य जिलों में भी बांग्लादेश के नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली में भी पुलिस लगातार बांग्लादेश के अवैध घुसपैठियों की तलाश और कार्रवाई कर रही है। दिल्ली में भी एक दर्जन से ज्यादा बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए हैं।

Exit mobile version