News Room Post

Bihar: पूर्णिया में उग्र भीड़ ने महादलितों की बस्ती में लगा दी आग, एक की हत्या

Purnia Bihar Attack

नई दिल्ली। पूर्णिया के बायसी थाना के मझुवा गांव में सैकड़ों लोगों की भीड़ ने महादलित बस्ती में जमकर कहर बरपाया। देर रात उग्र भीड़ ने महादलित बस्ती में आग लगा दी। जिसमें 13 घर जलकर राख हो गए। जब हैवानों का दिल इससे भी नहीं भरा तो उन्होंने पूर्व चौकीदार नेवालाल राय की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद महादलितों की बस्ती में घुसकर महिलाओं के साथ भी मारपीट और बदसलूकी की। जिसमें लगभग 10 महिलाएं घायल हो गई है। जिन्हें इलाज के लिए बायसी अस्पताल भेज दिया गया।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही बायसी के एसडीएम अमरेंद्र कुमार पंकज, एसडीपीओ, बायसी थाना प्रभारी अमित कुमार समेत कई थाने के पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। पीड़ितों ने कहा कि आसपास के कई गांवों के सैकड़ों लोगों ने रात के 11 बजे उनकी बस्ती पर हमला कर दिया और आग लगा दी। इस दौरान लोगों ने उनके घरों में घुसकर महिलाओं के साथ भी अश्लील हरकत की और उन्हें जमकर पीटा। महिलाओं के शरीर पर जख्म के निशान साफ दिख रहे हैं।

इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर यह घटना हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी जारी है। आपको बता दें कि 2015 में भी इस तरह की घटना घटी थी। उसमें भी कई घर जला दिए गए थे। कई लोगों को घायल कर दिया गया था। पिछले 24 अप्रैल को भी लोगों के बीच मारपीट और आगजनी हुई थी। वहीं घटना में 3 साल का एक बच्चा भी लापता बताया जा रहा है। जिस दिन घटना हुई, वो बच्चा उसी दिन से गायब है। बताया गया कि 60 नामित और बाकी अज्ञात पर मामला दर्ज हुआ है।

Exit mobile version