News Room Post

Gujrat: रूपाणी के इस्तीफे पर कांग्रेस का सामने आया पहला रिएक्शन, हार्दिक पटेल ने लगाया ये आरोप

hardik

नई दिल्ली। गुजरात में विजय रूपाणी के अचानक मुख्यमंत्री पद से दिए गए इस्तीफे के बाद से हर कोई हैरान था। आगामी चुनाव से पहले गुजरात में हुए गए इस बड़े बदलाव के बाद से सियासी सरगर्मियां बढ़ी हुई थी तो वहीं अब इस पर कांग्रेस की ओर से पहला रिएक्शन सामने आ गया है। विजय रूपाणी के सीएम पद से इस्तीफे के बाद कांग्रेस की गुजरात इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने भाजपा पर वार करते हुए कहा है कि उसने भले ही मुख्यमंत्री बदला हो लेकिन गुजरात की जनता ने अब सरकार बदलने का मन बना लिया है। एक वीडियो के माध्यम से पटेल ने यह बयान जारी किया जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि अपनी नाकामी छिपाने के लिए रूपाणी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया है।

पटेल ने कहा, ‘भाजपा ने केवल मुख्यमंत्री बदला है लेकिन गुजरात की साढ़े 6 करोड़ जनता का मान सरकार बदलने का है। कांग्रेस नेता ने दावा करते हुए कहा कि बीते कई सालों से चली आ रही भाजपा की गलत नीतियों के कारण लोगों में रोष है। वह दुखी हैं। लाखों नौजवान बेरोजगार हो चुके हैं। महिलाओं की सुरक्षा भी एक बड़ा सवाल है। गांव और किसान सभी परेशान हैं। ऐसे में जनता केवल मुख्यमंत्री ही नहीं बल्कि सरकार भी बदलना चाहती है।’

आगे पटेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि सब जानते हैं कि कोरोना कहर के समय गुजरात में क्या हुआ था। इस स्थिति के लिए केवल भाजपा सरकार जिम्मेदार थी। अपने इस्तीफे के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा है कि नेतृत्व परिवर्तन के लिए उन्होंने पद से इस्तीफा दिया है लेकिन सच्चाई यह है कि उन्होंने अपनी नाकामी पर पर्दा डालने के लिए इस्तीफे का रास्ता अपनाया।

भाजपा सरकार को अब दोबारा मौका नहीं देने की बात कहते हुए पटेल ने कहा कि अब गुजरात की जनता ने मन बना लिया है कि वह भाजपा को मौका नहीं देगी। बल्कि कांग्रेस जनता की अपेक्षाओं के मुताबिक चुनाव लड़कर उनके लिए काम करेगी। बता दें, शनिवार को गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। गुजरात में अगले साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होना है ऐसे में इसे बड़े परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है।

Exit mobile version