News Room Post

Shree Ramlala Mandir Ayodhya : श्री रामलला को धारण कराए गए हाथ से बने मलमल के सूती वस्त्र, बढ़ती गर्मी के चलते बदली गई भगवान की पोशाक

नई दिल्ली। अयोध्या स्थित मंदिर में भगवान श्री रामलला सरकार आज से सूती वस्त्र धारण करेंगे। ग्रीष्म ऋतु के आगमन और निरंतर बढ़ती गर्मी को देखते हुए ये फैसला लिया गया है कि प्रभु श्रीराम को अब से हस्तनिर्मित सूती मलमल से बने हुए वस्त्र धारण कराए जाएंगे। भगवान के वस्त्रों को प्राकृतिक नील से रंगा गया है और गोटा पुष्पों से सजाया गया है। प्रभु राम को प्रतिदिन नवीन वस्त्र धारण कराए जाते हैं और इन वस्त्रों को ड्रेस डिजाइनर मनीष त्रिपाठी तैयार करते हैं। अगर आप भी प्रभु राम को वस्त्र धारण कराना चाहते हैं तो इसके लिए राम जन्म भूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने जानकारी दी।

आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि अगर राम भक्त अपने आराध्य को वस्त्र अर्पित करना चाहते हैं तो उन्हें प्रभु राम के वस्त्र सिलने वाले दर्जी या टेलर से मिलना पड़ेगा। इसके बाद वह वस्त्र सिलवा कर पुजारी या ट्रस्ट को दे सकते हैं। क्योंकि, प्रभु राम जो वस्त्र धारण करते हैं उसके नाप की जानकारी टेलर को पता है, इस हिसाब से वस्त्र सिलने में कितना कपड़ा लगेगा इस बात की जानकारी टेलर द्वारा मिल जाएगी। सिलाई के बाद वह वस्त्र पुजारी के माध्यम से अथवा राम मंदिर ट्रस्ट कार्यालय के माध्यम से दिया जा सकता है। इसके बाद प्रभु श्री रामलला को वस्त्र धारण कराया जाएगा। वहीं अगर रामलला के आभूषणों की बात की जाए तो इन आभूषणों का निर्माण हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स लखनऊ द्वारा किया गया है। श्री रामलला के आभूषणों में सोना, हीरा, मोती, पन्ना, माणिक, मोती रत्न आदि धातुओं और रत्नों को शामिल किया गया है। श्री रामराम लला का मुकुट पीले सोने का है। इसे हीरा, पन्ना और माणिक से बनाया गया है। सभी हीरे प्राकृतिक हैं।

Exit mobile version