News Room Post

कार्यकर्ताओं में दिखते हैं मेरे भगवान, हरियाणा भाजपा के नए अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने संभाला कार्यभार

हरियाणा। हरियाणा के नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने अपना पूरा मिशन कार्यकर्ताओं पर समर्पित कर दिया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही मेरे भगवान हैं। धनखड़ को सुभाष बराला की जगह अध्यक्ष बनाया गया है।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए धनखड़ ने कहा, ”मेरे भगवान मेरे कार्यकताओं में दिखते हैं, इसलिए मैं खुद भी कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा। साधारण घर से कार्यकर्ता असाधारण पद पर जा सकता है।” ओमप्रकाश धनखड़ ने कांग्रेस पर करारा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कुंठा व ईर्ष्या बढ़ रही है, इसलिए कार्यकर्ताओं के रास्ते वहां बंद हो गए जबकि भाजपा में विधायक, सांसद, मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के लिए किसी को लॉबिंग करने की जरूरत नहीं होती।

धनखड़ ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने खास तौर पर किसानों के लिए किए गए कामों का जिक्र किया और कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने किसानों के लिए बेहतर व्यवस्था कर दी है। मंडी में किसान अपनी फसल की बोली खुद लगा सकते हैं। न तो एमएसपी बंद होगी और न ही मंडी बंद की जाएगी।

इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि भाजपा में पता नहीं कब किसको कौन सी जिम्मेदारी मिल जाए। यह पता नहीं होता। बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर के पद पर लोकतांत्रिक तरीके से होता है। कांग्रेस में बाप के बाद बेटा और बेटे के बाद आने वाले बेटे को भी पद देने का फैसला पहले ही ले लिया जाता है। सीएम ने ओमप्रकाश धनखड़ को बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन और ज्यादा मजबूत होगा।

Exit mobile version