News Room Post

मुंबई : भारी बारिश का अनुमान, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

मुंबई। मुंबई में भारी बारिश का दौर जारी है। ऐसे में मौसम विभाग ने मुंबई और आस-पास के इलाकों में शनिवार को बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा रायगढ़ और रत्‍नागिरी के लिए भी मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

समंदर में हाई टाइड

मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को मुंबई, पालघर, ठाणे और रायगढ़ जिलों में भारी से बहुत ज्‍यादा भारी बारिश हो सकती है। मुंबई में अगले दो दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही मुंबई के समंदर में हाई टाइड आया है। हाई टाइड में समंदर की लहरें उफान भर रही हैं। मुंबई में हाई टाइड के अलर्ट के बीच समंदर में लहरें उठ रही हैं, समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा जारी किए गए वीडियो में समंदर किनारे लहरें जोर से टकराती दिखाई दे रही हैं।

आपको बता दें कि आईएमडी द्वारा भारी बारिश के अनुमान के बीच बृहन्मुंबई नगर निगम ने मुंबई में हाई टाइड का अलर्ट जारी किया था। जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे समंदर में 4.57 मीटर तक ऊंची लहरें उठने का अनुमान था। बीएमसी से लोगों को समंदर किनारे ना जाने की सलाह दी है।

वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार देर शाम मुंबई, रत्नागिरि और रायगढ़ में अगले 24 घंटे में बेहद भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को पालघर, मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है।

Exit mobile version